
Dhanbad News : झारखंड के धनबाद जिले के बाघमारा थाना क्षेत्र में गुरुवार को एक दर्दनाक हादसे में दो मजदूरों की जान चली गई। बताया जा रहा है कि करीब एक महीने से बंद पड़े सेफ्टी टैंक की सफाई के लिए दोनों मजदूर अंदर उतरे थे, लेकिन टैंक में मौजूद जहरीली गैस और ऑक्सीजन की कमी के कारण वे बेहोश हो गए। बाद में अस्पताल में डॉक्टरों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया।
जानकारी के मुताबिक, हादसा सदरयाडीह गांव में हुआ। मृतकों की पहचान दिलीप महतो (सदरयाडीह निवासी) और राजेश महतो (अंधारी, महुदा निवासी) के रूप में हुई है। दोनों करीब 10 फीट गहरे सेफ्टी टैंक में सफाई करने उतरे थे, लेकिन कुछ ही देर में जहरीली गैस की चपेट में आकर बेहोश हो गए। स्थानीय लोगों ने उन्हें बाहर निकालकर बाघमारा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
घटना के बाद स्थानीय लोगों और परिजनों ने बीसीसीएल प्रबंधन पर सुरक्षा मानकों की अनदेखी का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि बिना पर्याप्त सुरक्षा उपकरण और गैस जांच के मजदूरों को टैंक में उतारा गया, जिससे यह हादसा हुआ। परिजनों ने जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई और उचित मुआवजे की मांग की है।
सूचना मिलते ही बाघमारा थाना पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। अधिकारियों का कहना है कि शुरुआती जांच में जहरीली गैस और दम घुटने से मौत की आशंका है। वास्तविक कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद स्पष्ट होगा। मामले की जांच जारी है।

