धनबाद : धनबाद जिले के विनोद नगर में रविवार को रेलवे लाइन के किनारे एक अधिवक्ता का शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। मृतक की पहचान धनबाद सिविल कोर्ट के अधिवक्ता आदित्य केसरी के रूप में हुई है। शव मिलने की खबर के बाद घटनास्थल पर लोगों की भीड़ जमा हो गई।

सूचना मिलते ही आरपीएफ और धनबाद थाना की पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए शहीद निर्मल महतो मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल भेज दिया। घटना की जानकारी मिलने पर परिजन भी अस्पताल पहुंचे।

शुरुआती जांच में ट्रेन की चपेट में आने से मौत होने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, घटना के सही कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है। पुलिस सभी पहलुओं से मामले की जांच कर रही है। बताया जा रहा है कि आदित्य के बड़े भाई और पत्नी भी वकालत के पेशे से जुड़े हैं। फिलहाल पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है।


