रांची : राजधानी रांची में पेयजल आपूर्ति व्यवस्था को दुरुस्त करने की तैयारी शुरू हो गई है। रातू रोड और पिस्का-मोरहाबादी इलाके में खराब स्लुइस वाल्व बदले जाएंगे। इसके अलावा नए आरसीसी वाल्व चेंबर बनाए जाएंगे और पुराने चेंबर की मरम्मत भी की जाएगी। इन दोनों योजनाओं पर कुल 44.08 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे। पेयजल एवं स्वच्छता प्रमंडल, गोंदा की ओर से इस काम के लिए दो अलग-अलग निविदाएं जारी की गई हैं। विभाग का कहना है कि इन कार्यों से जलापूर्ति पाइपलाइन में आ रही तकनीकी समस्याओं को दूर करने में मदद मिलेगी।

रातू रोड इलाके में 24.47 लाख रुपये होंगे खर्च
पहली योजना रातू रोड और आसपास के क्षेत्रों की वितरण जलापूर्ति पाइपलाइन से जुड़ी है। इस काम के लिए विभाग ने 24.47 लाख रुपये की अनुमानित लागत तय की है। इसके तहत पाइपलाइन में लगे खराब स्लुइस वाल्व बदले जाएंगे। साथ ही जरूरत के मुताबिक नए आरसीसी वाल्व चेंबर बनाए जाएंगे और पुराने चेंबर की मरम्मत कराई जाएगी। इन कामों के पूरा होने से इलाके की जलापूर्ति वितरण व्यवस्था को बेहतर बनाने में मदद मिलने की उम्मीद है।

पिस्का-मोरहाबादी में 19.61 लाख की योजना
दूसरी योजना पिस्का-मोरहाबादी क्षेत्र की वितरण जलापूर्ति पाइपलाइन और गोंदा जलशोधन केंद्र परिसर के लिए है। इस काम पर करीब 19.61 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे। इस योजना के तहत भी खराब स्लुइस वाल्व बदले जाएंगे। इसके अलावा वाल्व चेंबर से जुड़े जरूरी निर्माण और मरम्मत के काम कराए जाएंगे, ताकि जलापूर्ति व्यवस्था में आ रही परेशानियों को दूर किया जा सके।
30 दिनों में पूरे करने होंगे दोनों काम
विभाग ने दोनों योजनाओं को पूरा करने के लिए 30 दिनों की समय-सीमा तय की है। निविदा से जुड़ी प्रक्रिया के लिए भी तारीखें निर्धारित कर दी गई हैं। निविदा के अनुसार, 20 नवंबर को दोपहर 1 बजे तक परिमाण विपत्र की बिक्री होगी। वहीं, 21 नवंबर को दोपहर 3 बजे तक निविदा जमा की जा सकेगी। इसी दिन शाम 3:30 बजे निविदा खोली जाएगी। विभाग का मुख्य उद्देश्य खराब वाल्व और जर्जर चेंबर के कारण जलापूर्ति वितरण व्यवस्था में होने वाली दिक्कतों को दूर करना है। काम पूरा होने के बाद रातू रोड और पिस्का-मोरहाबादी के लोगों को पेयजल आपूर्ति व्यवस्था में सुधार मिलने की उम्मीद है।


