धनबाद में DC का बड़ा एक्शन! काम में लापरवाही पर कर्मचारियों का वेतन रोका, CO को भी मिला शो-कॉज

धनबाद डीसी आदित्य रंजन ने योजनाओं की समीक्षा के दौरान लापरवाही पर सख्त रुख अपनाया, कर्मियों का वेतन रोकने और अंचल अधिकारी को शो-कॉज जारी करने का निर्देश दिया

2 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

धनबाद : धनबाद के उपायुक्त आदित्य रंजन ने सदर, पुटकी और धनबाद अंचल में संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं और पेयजलापूर्ति योजनाओं की समीक्षा की। इसके साथ ही कई पंचायतों में चल रही योजनाओं की जमीनी हकीकत जानने के लिए औचक निरीक्षण भी कराया गया। निरीक्षण टीम ने धनबाद सदर क्षेत्र के नवाडीह, दामोदरपुर, धोखरा, सियालगुदरी, गोपीनाथडीह, पांडरकनाली और पेटिया पंचायत का दौरा किया। इस दौरान अबुआ आवास, प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण), जन वितरण प्रणाली, मनरेगा, आंगनबाड़ी केंद्र, आयुष्मान आरोग्य मंदिर समेत अन्य योजनाओं की जांच की गई। बाद में टीम ने अपनी रिपोर्ट उपायुक्त को सौंप दी।

लापरवाही पर नाराज हुए DC, वेतन रोकने का निर्देश

रिपोर्ट की समीक्षा के दौरान उपायुक्त ने धोखरा, अरलगड़िया और दुबराजडीह के कनीय अभियंता, सियालगुदड़ी के पंचायत सचिव तथा दुबराजडीह के सहायक अभियंता के कार्यों पर असंतोष जताया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों और कर्मियों से स्पष्टीकरण देने को कहा। वहीं, धनबाद अंचल की समीक्षा के दौरान कामकाज में खामियां मिलने पर उपायुक्त ने धनबाद अंचल के लिपिक और सभी कर्मियों का वेतन तत्काल प्रभाव से रोकने का निर्देश दिया।

सरकारी जमीन पर अतिक्रमण को लेकर सख्त निर्देश

बैठक में धनबाद अंचल क्षेत्र की सरकारी जमीनों पर अतिक्रमण के मामलों की भी समीक्षा की गई। उपायुक्त ने अंचल अधिकारी को अतिक्रमणकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने का निर्देश दिया।

अंचल अधिकारी को शो-कॉज नोटिस

समीक्षा के क्रम में उपायुक्त ने धनबाद अंचल अधिकारी के कार्यों पर भी नाराजगी जताई। उन्होंने कड़ी फटकार लगाते हुए अंचल अधिकारी को शो-कॉज जारी करने का निर्देश दिया। इसके साथ ही एसएनएमएमसीएच के आसपास से अतिक्रमण हटाने और जेसी मल्लिक स्थित मल्लिक तालाब को अतिक्रमण मुक्त कराने का निर्देश भी दिया गया। बैठक के दौरान उपायुक्त ने सभी अंचल अधिकारियों को लैंड बैंक तैयार करने के निर्देश दिए। इसके अलावा पेयजलापूर्ति, भूमि हस्तांतरण, जल जीवन मिशन, मनरेगा, आवास निर्माण समेत विभिन्न योजनाओं की प्रगति की भी विस्तार से समीक्षा की गई।

Share This Article
विनीता चौबे को 10 साल का अनुभव है। उन्होनें सन्मार्ग से पत्रकारिता की शुरुआत की थी। फिर न्यूज विंग, बाइस स्कोप, द न्यूज पोस्ट में भी काम किया। वे राजनीति, अपराध, सामाजिक मुद्दों और स्थानीय घटनाओं से जुड़ी खबरों को सरल और तथ्यात्मक भाषा में पाठकों तक पहुंचाने के लिए जानी जाती हैं। पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय रहते हुए उनका प्रयास रहता है कि जमीनी स्तर की महत्वपूर्ण खबरों को सही और विश्वसनीय जानकारी के साथ लोगों तक पहुंचाया जाए।