
धनबाद: मां अम्बे आउटसोर्सिंग में कथित सुरक्षा मानकों के उल्लंघन तथा 29 मई को हुई घातक दुर्घटना के संबंध में युवा नेता विशाल कुमार महतो की ओर से की गई शिकायत पर खान सुरक्षा महानिदेशालय (DGMS) ने जांच शुरू कर दी है। DGMS, क्षेत्र संख्या-1, मध्य जोन, धनबाद द्वारा 14 जुलाई 2026 को जारी पत्र में बताया गया है कि 29 मई 2026 को हुई घातक दुर्घटना की जांच निदेशालय स्तर पर की जा रही है। इससे स्पष्ट है कि शिकायत को गंभीरता से लेते हुए विभाग ने मामले की जांच प्रक्रिया प्रारंभ कर दी है।
विशाल कुमार महतो ने कहा कि उनकी शिकायत में केवल 29 मई 2026 की दुर्घटना ही नहीं, बल्कि 5 सितंबर 2025 को कटापहाड़ी स्थित मां अम्बे आउटसोर्सिंग में हुई भीषण दुर्घटना का भी उल्लेख किया गया है, जिसमें कई लोगों की मौत हुई थी। उन्होंने आरोप लगाया कि लगातार गंभीर हादसों के बावजूद कंपनी की सुरक्षा व्यवस्था और संचालन के खिलाफ अपेक्षित कठोर कार्रवाई नहीं की गई। इसके बाद बेनिडीह परियोजना में हुई एक अन्य गंभीर दुर्घटना ने सुरक्षा व्यवस्था पर और भी सवाल खड़े कर दिए हैं।
उन्होंने कहा कि यदि एक ही कंपनी की विभिन्न परियोजनाओं में लगातार गंभीर दुर्घटनाएं हो रही हैं, तो यह सुरक्षा मानकों के पालन पर गंभीर चिंता का विषय है। उन्होंने माँ अम्बे आउटसोर्सिंग को ब्लैकलिस्ट करने तथा भविष्य में किसी भी सरकारी परियोजना का कार्य आवंटित करने से पहले उसकी सुरक्षा व्यवस्था और कार्यप्रणाली की व्यापक समीक्षा कराने की मांग की। विशाल कुमार महतो ने कहा कि “मजदूरों की जान से बढ़कर कोई परियोजना नहीं हो सकती। सुरक्षा नियमों का पालन हर हाल में सुनिश्चित होना चाहिए और लापरवाही बरतने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जानी चाहिए।”

