
धनबाद: कतरास थाना क्षेत्र के राजाबाड़ी रोड स्थित ग्वाला पट्टी में मंगलवार को एक घर में अचानक आग लग गई। आग इतनी तेज थी कि खिड़कियों और दरवाजों से लपटें और काला धुआं बाहर निकलने लगा, जिससे पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। राहत की बात यह रही कि घर के सभी सदस्य समय रहते बाहर निकल गए, जिससे कोई जनहानि नहीं हुई। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट बताई जा रही है। हालांकि इस घटना में घर का लगभग सारा सामान जलकर खाक हो गया।
घटना के बाद तुरंत दमकल विभाग को सूचना दी गई, लेकिन बाघमारा में फायर स्टेशन नहीं होने और इलाके की संकरी गलियों के कारण दमकल की गाड़ी समय पर मौके पर नहीं पहुंच सकी। ऐसे में स्थानीय लोगों ने ही बाल्टी और बर्तनों से पानी लाकर आग बुझाने की पूरी कोशिश की। सूचना मिलते ही विधायक शत्रुघ्न महतो और स्थानीय पार्षद भी मौके पर पहुंचे और हालात का जायजा लिया। बताया जा रहा है कि इस आगजनी में लाखों रुपये का नुकसान हुआ है।

