निरसा में कोयला तस्करों का सुरक्षा टीम पर हमला, बोलेरो में की तोड़फोड़, जब्त बाइक लेकर फरार हुए हमलावर

धनबाद के निरसा में अवैध कोयला खनन के खिलाफ कार्रवाई कर लौट रही सीआईएसएफ व ईसीएल टीम पर हमला, बोलेरो में तोड़फोड़ कर जब्त बाइक ले भागे हमलावर; सुरक्षा पर उठे सवाल।

Razi Ahmad
2 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

Dhanbad News: धनबाद के निरसा में अवैध कोयला कारोबार के खिलाफ कार्रवाई करने गई सीआईएसएफ और ईसीएल की सुरक्षा टीम पर हमला किया गया। गुरुवार शाम राजा कोलियरी में छापेमारी अभियान पूरा कर लौट रही टीम को बराकर इंजीनियरिंग वर्कशॉप के पास हमलावरों ने निशाना बनाया। बताया जा रहा है कि जंगल में पहले से घात लगाकर बैठे करीब 8 से 10 लोगों ने सुरक्षा टीम पर अचानक हमला कर दिया।

जानकारी के अनुसार, सुरक्षा टीम ने राजा कोलियरी में अवैध कोयला खनन के 24 मुहानों की भराई कराई थी। इस दौरान कोयला ढुलाई में इस्तेमाल की जा रही दो मोटरसाइकिलें भी जब्त की गई थीं। दोनों बाइक को ट्रैक्टर पर लादकर निरसा थाना ले जाया जा रहा था। तभी हमलावरों ने बोलेरो गाड़ी में जमकर तोड़फोड़ की और जब्त मोटरसाइकिलों में से एक लेकर फरार हो गए।

दूसरी बाइक को भी ले जाने की कोशिश की गई, लेकिन सूचना मिलने पर अतिरिक्त जवान मौके पर पहुंच गए। इसके बाद हमलावर बाइक को जंगल में छोड़कर भाग निकले। जवानों ने बाइक बरामद कर ली। घटना के समय बोलेरो में चालक सह मालिक लाल बहादुर प्रसाद और दो जवान मौजूद थे।

बोलेरो चालक लाल बहादुर प्रसाद ने सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए कहा कि जवानों के साथ ड्यूटी करने के बावजूद वाहन चालक और कर्मचारियों की सुरक्षा के लिए पर्याप्त इंतजाम नहीं हैं। उन्होंने बताया कि अगर अतिरिक्त जवान समय पर नहीं पहुंचते, तो उनकी जान को भी खतरा हो सकता था।

वहीं, ईसीएल मुगमा एरिया के इंस्पेक्टर इंचार्ज रुपेश मिश्रा ने बताया कि घटना में शामिल लोगों को चिह्नित कर लिया गया है। निरसा थाने में शिकायत दर्ज कराने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

Share This Article
रजी अहमद एक उभरते हुए कंटेंट राइटर हैं, जिन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में लगभग दो वर्षों का अनुभव है। उन्होंने न्यूज़ अरोमा में काम करते हुए विभिन्न विषयों पर लेखन किया और अपनी लेखन शैली को मजबूत बनाया। अपने कार्यकाल के दौरान उन्होंने कंटेंट राइटिंग, न्यूज़ लेखन और मीडिया से जुड़े विभिन्न पहलुओं में अच्छा अनुभव हासिल किया। वह लगातार सीखते हुए अपने करियर को आगे बढ़ा रहे हैं।