मप्र के धार जिले में कार और कंटेनर ट्रक के बीच टक्कर, छह लोगों की मौत

Archana Ekka
2 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

धार : मध्यप्रदेश के धार जिले में रविवार को एक कंटेनर ट्रक और कार की टक्कर में छह लोगों की मौत हो गई। पुलिस के एक अधिकारी ने यह जानकारी दी। पुलिस अधिकारी ने बताया कि यह हादसा अपराह्न करीब डेढ़ बजे जिले के बदनावर थाना क्षेत्र के अंतर्गत पंचक वासा के निकट बदनावर-उज्जैन राजमार्ग पर हुआ। दुर्घटना के सभी पीड़ित कार में सवार थे और गुजरात के रहने वाले थे।

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पारुल बेलापुरकर ने बताया कि बदनावर से लगभग चार किलोमीटर दूर पंचक वासा के निकट उज्जैन की ओर से आ रहे एक कंटेनर ट्रक ने कार को टक्कर मार दी। उन्होंने बताया कि टक्कर इतनी भीषण थी कि कार में सवार सभी छह लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस अधिकारी ने कहा, “मृतकों में सभी गुजरात के रहने वाले थे। अब तक चार मृतकों की पहचान हो चुकी है। शेष की पहचान की जा रही है। कंटेनर ट्रक के आरोपी चालक को हिरासत में ले लिया गया है।”बेलापुरकर ने बताया कि मामले में रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है और फिलहाल शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है। उन्होंने कहा कि मृतकों के बारे में विस्तृत जानकारी मिलते ही सभी से साझा की जाएगी।

Share This Article
अर्चना एक्का को पत्रकारिता का दो वर्ष का अनुभव है। उन्होंने अपने पत्रकारिता करियर की शुरुआत इंटर्नशिप से की। इस दौरान उन्होंने झारखंड उजाला, सनमार्ग और इम्पैक्ट नेक्सस जैसे मीडिया संस्थानों में काम किया। इन संस्थानों में उन्होंने रिपोर्टर, एंकर और कंटेंट राइटर के रूप में कार्य करते हुए न्यूज़ रिपोर्टिंग, एंकरिंग और कंटेंट लेखन का अनुभव प्राप्त किया। पत्रकारिता के क्षेत्र में वह सक्रिय रूप से काम करते हुए अपने अनुभव को लगातार आगे बढ़ा रही हैं।