ड्रग्स तस्कर रौशन दांगी गिरफ्तार, 2 करोड़ का ड्रग्स और 47.57 लाख नकद बरामद

News Aroma Media
2 Min Read
#image_title
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

Chatra Crime News: चतरा पुलिस ने नशे के सौदागरों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए कुख्यात ड्रग्स तस्कर रौशन दांगी को गिरफ्तार किया है। उसके पास से करीब 2 करोड़ रुपये कीमत का अफीम और ब्राउन शुगर, 47.57 लाख रुपये नकद, एक एंड्रॉयड फोन, आसमानी नीले रंग की होंडा शाइन मोटरसाइकिल और अफीम से ब्राउन शुगर बनाने की लोहे की संरचना बरामद की गई है। चतरा एसपी सुमित कुमार अग्रवाल ने शनिवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस में इसकी जानकारी दी।

पुलिस ने रौशन की साली और राजपुर थाना क्षेत्र के बुढ़ीगड़ा निवासी शंभु दांगी की पत्नी रूबी देवी को भी 287 ग्राम ब्राउन शुगर, 11.172 किलोग्राम अफीम और 44.57 लाख रुपये नकद के साथ गिरफ्तार किया है।

दो दिन पहले रौशन की दूसरी साली, पत्थलगड़ा के कुम्हारटोली निवासी मधु कुमारी को 10 करोड़ रुपये कीमत के अफीम, ब्राउन शुगर और 23.60 लाख रुपये नकद के साथ गिरफ्तार किया गया था। मधु की निशानदेही पर ही रौशन और रूबी को पकड़ा गया।

तस्करी का मास्टरमाइंड रौशन दांगी

तेतरिया गांव का रौशन कुमार दांगी उर्फ भगीरथ दांगी इलाके में ड्रग्स तस्करी के लिए कुख्यात है। वह 2021 में NDPS एक्ट के तहत जेल जा चुका है।

पूछताछ में उसने झारखंड में अपने तस्करी नेटवर्क, ड्रग्स की खरीद-बिक्री और अफीम से ब्राउन शुगर बनाने की प्रक्रिया के बारे में अहम जानकारी दी है। पुलिस उसके बयान की सत्यता जांचने के लिए लगातार छापेमारी कर रही है।

SP सुमित अग्रवाल ने कहा कि नशे के कारोबारियों के खिलाफ यह अभियान आगे भी जारी रहेगा। तस्करी से अर्जित चल और अचल संपत्ति को भी जब्त किया जाएगा।

छापेमारी में सिमरिया SDPO शुभम कुमार खंडेलवाल, चतरा सदर SDPO संदीप कुमार, पुलिस उपाधीक्षक वसीम रजा और सशस्त्र बल के जवान शामिल थे।

Share This Article