बिहार से मौसी के घर दुमका आये युवक की मिली लाश, चचेरे भाई पर हत्या करने का आरोप

News Aroma
2 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

दुमका: एक युवक की उसके ही चचेरे भाई द्वारा कुदाल से मारकर हत्या किये जाने का मामला रविवार को प्रकाश में आया। घटना सरैयाहाट थाना क्षेत्र के तेतरिया गांव की है। मृतक का नाम राजू कुमार सिंह था।

सरैयाहाट पुलिस मामले में मृतक की मौसी सावित्री देवी के बयान पर मामला दर्ज कर छानबीन में जुट गयी है।

जानकारी के अनुसार मृतक राजू कुमार सिंह (32) मूलरूप से बिहार के खगड़िया जिला का रहनेवाला था। वह एक सप्ताह पहले दुमका स्थित अपनी मौसी के घर आया था।

राजू मौसी के घर निर्माण में सहयोग करने दुमका पहुंचा था। शनिवार को राजू का चचेरा भाई मुकेश कुमार सिंह भी दुमका आया था।

शनिवार की रात दोनों खाना खाकर मौसी के वर्तमान घर से कुछ दूरी पर स्थित नवनिर्मित मकान में सोने चले गये। रविवार की सुबह देर तक नहीं उठने पर घरवाले राजू को जगाने गये, जहां देखा कि राजू के सिर में गंभीर चोट आयी है और वह मृत पड़ा है।

वहीं, उसका चचेरा भाई मुकेश कुमार सिंह फरार हो चुका था। घटना की सूचना परिजनों ने पुलिस को दी। पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमॉर्टम करा परिजनों को सौंप दिया है।

पुलिस मामले में मृतक की मौसी की लिखित शिकायत पर हत्या का मामला दर्ज करते हुए छानबीन में जुट गयी है। मामले में थाना प्रभारी अनुज यादव ने बताया कि पुलिस मौसी के बयान पर हत्या का मामला दर्ज कर छानबीन में जुट गयी है।

Share This Article