Durand Cup 2026 : एशिया के सबसे पुराने और प्रतिष्ठित फुटबॉल टूर्नामेंट डुरंड कप 2026 के 135वें संस्करण का रविवार को राजधानी रांची में रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ भव्य शुभारंभ हुआ। पहली बार रांची को इस ऐतिहासिक टूर्नामेंट की मेजबानी मिली है, जिसे लेकर खेल प्रेमियों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला।
उद्घाटन समारोह में झारखंड के खेल मंत्री सुदिव्य सोनू ने आधिकारिक रूप से टूर्नामेंट का शुभारंभ किया।
इस अवसर पर राज्यसभा सांसद महुआ मांझी समेत कई गणमान्य अतिथि मौजूद रहे। टूर्नामेंट का पहला मुकाबला जमशेदपुर एफसी और डिफेंडर एफसी (श्रीलंका) के बीच खेला जा रहा है। मैच शुरू होने से पहले आयोजित सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने दर्शकों का खूब मनोरंजन किया।
बिरसा मुंडा फुटबॉल स्टेडियम में दर्शकों की भारी भीड़ उमड़ी और स्टेडियम लगभग खचाखच भरा नजर आया। रविवार होने के कारण बड़ी संख्या में फुटबॉल प्रशंसक मैच का आनंद लेने पहुंचे।

