टीएमसी सांसद के अखबार से जुड़े फर्जी बैंक खातों और करोड़ों के अवैध लेनदेन मामले में ईडी की बड़ी कार्रवाई

ईडी ने फर्जी बैंक खातों और संदिग्ध लेन-देन के मामले में टीएमसी सांसद मोहम्मद नदीमुल हक से जुड़ी कंपनियों के 60 करोड़ रुपये से अधिक फ्रीज किए, कई ठिकानों पर छापेमारी की।

2 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

रांची: प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने कोलकाता स्थित अखबार ‘अखबार-ए-मशरिक’ प्राइवेट लिमिटेड और उससे जुड़ी कंपनियों पर फर्जी बैंक खातों के जरिए करोड़ों रुपये के अवैध लेन-देन के मामले में बड़ी कार्रवाई की है। इस कार्रवाई के तहत ईडी ने तृणमूल कांग्रेस के राज्यसभा सांसद मोहम्मद नदीमुल हक और उनसे जुड़ी कंपनियों के करीब आधा दर्जन बैंक खातों से लेन-देन पर रोक लगाते हुए कुल 60 करोड़ रुपये से अधिक की राशि को फ्रीज कर दिया है।

ईडी की जांच में यह बात सामने आई है कि ‘अखबार-ए-मशरिक’ और इसके विभिन्न मीडिया व डिजिटल प्लेटफॉर्म्स का इस्तेमाल संदिग्ध और फर्जी आय को वैध रूप से दिखाए जाने के लिए किया जा रहा था। जांच के दौरान यह भी सामने आया है कि आईसीआईसीआई बैंक, पीएनबी, करूर वैश्य बैंक और जम्मू-कश्मीर बैंक में कई ऐसे बैंक खाते खोले गए थे, जिनमें कुल मिलाकर 60 करोड़ रुपये से अधिक की नकदी जमा की गई थी। इसके अलावा, कर्नाटक बैंक के तीन खातों में भी 5.60 करोड़ रुपये जमा किए गए थे, जिन्हें बाद में कंपनी द्वारा बंद कर दिया गया था। इन खातों में संदिग्ध स्रोतों से बिटकॉइन खरीदने के लेन-देन की जानकारी भी सामने आई है, जिनका कोई स्पष्ट व्यावसायिक हिसाब नहीं मिला है।

सर्च ऑपरेशन के दौरान ईडी ने विभिन्न आपत्तिजनक दस्तावेज, मोबाइल फोन, लैपटॉप और पेन ड्राइव जब्त किए हैं। साथ ही अखबार के बैंक खातों से जुड़े करीब 5.25 करोड़ रुपये भी फ्रीज किए गए हैं। ईडी की टीमों ने कोलकाता, रांची और नई दिल्ली स्थित ठिकानों पर छापेमारी की थी। रांची के कांके रोड स्थित कार्यालय में भी पूरे दिन यह जांच और छापेमारी की कार्रवाई जारी रही।

Share This Article
विनीता चौबे को 10 साल का अनुभव है। उन्होनें सन्मार्ग से पत्रकारिता की शुरुआत की थी। फिर न्यूज विंग, बाइस स्कोप, द न्यूज पोस्ट में भी काम किया। वे राजनीति, अपराध, सामाजिक मुद्दों और स्थानीय घटनाओं से जुड़ी खबरों को सरल और तथ्यात्मक भाषा में पाठकों तक पहुंचाने के लिए जानी जाती हैं। पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय रहते हुए उनका प्रयास रहता है कि जमीनी स्तर की महत्वपूर्ण खबरों को सही और विश्वसनीय जानकारी के साथ लोगों तक पहुंचाया जाए।