झारखंड में चक्रवाती तूफान ‘जवाद’ का असर, आधा दर्जन ट्रेनें रद्द, जानें कहां हो सकती है बारिश

News Aroma Media
3 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

रांची: झारखंड में च्रक्रवाती तूफान जवाद का असर शुक्रवार से दिखने लगा है। यह असर अगले चार दिनों तक दिखेगा।

उधर तूफान को देखते हुए रेलवे और बिजली विभाग ने भी अलर्ट जारी किया है। तूफान के मद्देनजर रांची रेलमंडल आने व जाने वाली पांच ट्रेनों को रद्द कर दिया गया। इसमें वैसी ट्रेनें शामिल हैं, जो समुद्र तटीय इलाकों को जोड़ती है।

यहां हो सकती है बारिश

उधर, जेबीवीएनएल ने फील्ड में कार्यरत सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को अलर्ट मोड में रहने का निर्देश दिया है। मौसम केंद्र के वैज्ञानिक अभिषेक आनंद ने बताया कि तूफान के प्रभाव से झारखंड में आसमान में बादल छाए रहेंगे।

मौसम विभाग के अनुसार, जवाद के कारण शुक्रवार दोपहर बाद से कोल्हान, सिमडेगा समेत आसपास के इलाकों में कहीं.कहीं पर हल्के दर्जे की बारिश होगी।

रांची समेत कई जिलों में कल से बारिश के आसार

चार और पांच दिसंबर को रांची, बोकारो, गुमला, हजारीबाग, खूंटी, रामगढ़, पूर्वी.पश्चिमी सिंहभूम, सरायकेला खरसावां, सिमडेगा, देवघर, धनबाद, गिरिडीह, दुमका, गोड्डा, जामताड़ा, पाकुड़ और साहेबगंज में कई स्थानों पर बारिश होगी। छह दिसम्बर को उत्तर पूर्वी भाग में हल्के दर्जे की बारिश की संभावना है।

ये ट्रेनें हुईं रद्द

दक्षिण पूर्व रेलवे रांची रेलमंडल आने व जाने वाली पांच ट्रेनों को रेलवे प्रशासन ने रद्द करने की घोषणा की है। इसमें वैसी ट्रेनें शामिल हैं, जो समुद्री तटीय इलाकों को जोड़ती हैं।

इसमें ट्रेन संख्या 13351 धनबाद.एलेप्पी एक्सप्रेस तीन दिसंबर को धनबाद से रद्द कर दी गई है। यह ट्रेन रांची होकर गुजरती है। ट्रेन संख्या 12876 आनंद विहार टर्मिनल.पुरी एक्सप्रेस को भी तीन तारीख को आनंद विहार दिल्ली से रद्द कर दिया गया है।

ट्रेन संख्या 18451 हटिया.पुरी एक्सप्रेस हटिया से और ट्रेन संख्या 18452 पुरी.हटिया एक्सप्रेस पुरी स्टेशन से तीन दिसंबर को रद्द रहेगी। इसके अलावा ट्रेन संख्या 18637 हटिया.बेंगलुरु कैंट एक्सप्रेस भी हटिया से चार तारीख को रद्द रहेगी। जिन यात्रियों ने पूर्व में उक्त ट्रेनों में आरक्षित टिकट लिया है, उनके टिकट का पूरा रिफंड किया जाएगा।

शाम तक डिप्रेशन में बदल जाएगा निम्न दबाव का क्षेत्र

बंगाल की खाड़ी में बना निम्न दबाव का क्षेत्र शुक्रवार शाम तक डिप्रेशन में बदल जाएगा। इसके बाद चक्रवाती तूफान जवाद शनिवार को सुबह उत्तरी आंध्र प्रदेश और दक्षिणी ओडिसा के तट पर किसी स्थान पर टकराएगा। निम्न दबाव क्षेत्र के डिप्रेशन में बदलने का आंशिक असर शुक्रवार को राज्य के दक्षिणी भाग में दिखेगा।

7 दिसंबर से बढ़ेगी ठंड

झारखंड में सात-आठ दिसंबर से ठंड बढ़ेगी। चक्रवाती तूफान का असर छह दिसंबर के बाद समाप्त हो जाएगा। इसके बाद आसमान में छाए बादल के छंटते ही रात के तापमान में गिरावट आ जाएगी। इसके बाद कनकनी के साथ ठंड बढ़ जाएगी। इस दौरान सुबह में नमी, जलीय और वन क्षेत्र वाले इलाके में सुबह में कोहरा.धुंध कायम रहेगा।

Share This Article