खूंटी में कुएं में गिरा हाथी, तेरह घंटे बाद सुरक्षित निकाला गया

News Aroma Media
3 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

खूंटी: जंगलों की अंधाधुंध कटाई के कारण वनों का क्षेत्रफल लगातार घटता जा रहा है और इसका खमियाजा आम लोगों को भुगतना पड़ रहा है।

जंगलों में आशियाना उजड़ने के बाद गांवों में हाथियों के हमले बढ़ गये हैं, पर कभी कभी गांवों में घुसने का खमियाजा गजराजों को भी भुगतना पड़ता है।

वैसा ही एक मामला तोरपा थाना के उकड़ीमाड़ी गांव में हुआ, जहां गांव में प्रवेश के दौरान एक वयस्क हाथी अंधेरे के कारण एक कुएं में गिर गया।

जानकारी के अनुसार मंगलवार की रात लगभग दस बजे एक हाथी 30 फिट गहरे कुएं में गिर गया।  सुबह गांव वालों के लिए यह कौतुहल का विषय बन गया।

कड़ाके की ठंड के बावजूद वन विभाग की टीम बुधवार को सुंबह ही घटनास्थल पर पहुंच गयी और हाथी को कुएं से निकालने का प्रयास शुरू कर दिया।

कुंए को पोकलेन मशीन की मदद से काट कर रास्ता बनाया गया और लगभग पांच घंटे के प्रयास के बाद दिन को लगभग 11 बजे गजराज को कुएं से बाहर निकाला गया। इसके बाद ग्रामीणों ने शोर मचाकर हाथी को जंगल की खदेड़ दिया।

इस दौरान तोरपा थाना प्रभारी अरविंद कुमार, सहायक वन संरक्षक अर्जुन बड़ाईक, रेंजर सुशील प्रसाद, वनपाल छुनकु साहू, संजय सिंह मुंडा व दीपक साहू ने काफी प्रयास के बाद हाथी को कुएं से बाहर निकाला।

भागते हुए जंगली हाथी ने एक वृ़द्ध महिला को धक्का दे दिया और सामने झाड़ी में छिपे जतराटोली के  जार्ज आईद के पैर को कुचलते हुए जंगल की ओर निकल गया। जार्ज को रेफरल अस्पताल में प्राथमिक इलाज के बाद रिम्स रेफर कर दिया गया।

इधर, झुंड से भटक कर कुएं में गिरा हाथी कुएं से निकलने के बाद भी आतंक मचा रहा है। कुएं से निकलने के बाद गिड़ुम की ओर जाते हुए उसने ग्रामीणों पर हमला कर दिया।

गांव के पास अपनी मां आसरी मुंडाइन के साथ गाय बैल चरा रहे दो बच्चे हाथी के हमले से बाल-बाल बच गये। आरसी मुंउाइन ने बताया कि मवेशी चराने के दौरान अचानक हाथी बिना आहट किये बगल में आ गया।

हाथी को देखते ही सात साल की बिरसी मुंडाइन खेत में बने मेड़ में जा छिपी, तो हाथी ने छलांग लगा कर उसके भाई पांच वर्षीय अजीत मुंडा को सूंढ़ में लपेट लिया।

मां द्वारा शोर मचाने पर हाथी ने बच्चे को छोड़ दिया नदी की ओर जा निकला। अजीत का इलाज तारपा रेफरल अस्पताल में चल रहा है।

Share This Article