
Excise Constable Exam : उत्पाद सिपाही भर्ती परीक्षा पेपर लीक मामले के आरोपी उत्तम कुमार ने गुरुवार को रांची सिविल कोर्ट में आत्मसमर्पण कर दिया। सरेंडर के बाद अदालत ने उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है। जानकारी के मुताबिक, उत्तम कुमार ने अपर न्याययुक्त योगेश कुमार की अदालत में पहुंचकर खुद को कोर्ट के समक्ष प्रस्तुत किया।
बताया जा रहा है कि आरोपी को हाल ही में बीएड परीक्षा में शामिल होने के लिए अदालत से प्रोविजनल बेल मिली थी। इसी अनुमति के तहत वह बिहार के नालंदा स्थित पाटलिपुत्र यूनिवर्सिटी में परीक्षा देने गया था। परीक्षा समाप्त होने के बाद उसने तय शर्तों के अनुसार कोर्ट में पहुंचकर आत्मसमर्पण कर दिया।
गौरतलब है कि इसी वर्ष 11 अप्रैल को तमाड़ पुलिस ने उत्पाद सिपाही भर्ती परीक्षा पेपर लीक मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए 166 आरोपियों को गिरफ्तार किया था। यह कार्रवाई तमाड़ थाना क्षेत्र के रड़गांव इलाके में की गई थी, जहां से अंतरराज्यीय पेपर लीक और सॉल्वर गैंग से जुड़े पांच एजेंटों को भी पकड़ा गया था।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार किए गए लोगों में बड़ी संख्या परीक्षा अभ्यर्थियों की थी, जबकि कुछ आरोपी संगठित गिरोह से जुड़े बताए गए थे। मामले की जांच अभी भी जारी है और पुलिस इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच कर रही है।

