
फिल्ममेकर और अभिनेता फरहान अख्तर इन दिनों अपनी फिल्म ‘डॉन 3’ को लेकर चर्चा में हैं। रिपोर्ट्स के अनुसार, शूटिंग शुरू होने से ठीक पहले अभिनेता रणवीर सिंह ने फिल्म से किनारा कर लिया, जिससे प्रोजेक्ट पर बड़ा असर पड़ा है। इस घटनाक्रम के बाद फरहान अख्तर को करोड़ों रुपये का नुकसान होने की भी खबरें सामने आई हैं। सूत्रों के मुताबिक, इस अनिश्चितता के चलते फरहान ने फिलहाल ‘डॉन 3’ को स्थगित करने का निर्णय लिया है और अब वह अपने अन्य नए प्रोजेक्ट्स पर ध्यान केंद्रित कर रहे हैं।
आर.डी. बर्मन की बायोपिक पर शुरू होगा काम
ताजा रिपोर्ट्स के अनुसार, फरहान अख्तर अब मशहूर संगीतकार आर.डी. बर्मन (पंचम दा) की बायोपिक पर काम शुरू करने जा रहे हैं। इस फिल्म को लेकर वह बेहद उत्साहित बताए जा रहे हैं। इस प्रोजेक्ट का निर्देशन नीरज पांडे करेंगे, जो लंबे समय से इस बायोपिक पर काम कर रहे हैं। फिल्म की स्क्रिप्टिंग तेजी से आगे बढ़ रही है और फरहान अख्तर के साथ लीड रोल को लेकर बातचीत जारी है। उम्मीद जताई जा रही है कि इस फिल्म की शूटिंग साल के अंत तक शुरू हो सकती है, जिससे दर्शकों में भी खासा उत्साह देखने को मिल रहा है।

