
अभिनेत्री मृणाल ठाकुर ने सोशल मीडिया पर फैल रहे डीपफेक वीडियो और तस्वीरों को लेकर कड़ा रुख अपनाया है। उन्होंने इंस्टाग्राम स्टोरी के जरिए स्पष्ट चेतावनी दी कि उनकी तस्वीर, वीडियो या आवाज का इस्तेमाल कर फर्जी कंटेंट बनाना पूरी तरह गैरकानूनी है। मृणाल ने कहा कि उनकी पहचान का दुरुपयोग तुरंत बंद किया जाए, अन्यथा वह दोषियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने से पीछे नहीं हटेंगी।
इंस्टाग्राम स्टोरी में लिखी यह बात
मृणाल ने अपने पोस्ट में लिखा, “मेरी तस्वीर या आवाज का इस्तेमाल करके डीपफेक वीडियो या फोटो बनाना और उन्हें शेयर करना गैरकानूनी और गलत है। मैं सभी को चेतावनी देती हूं कि इसे तुरंत बंद करें। यदि भविष्य में मेरी पहचान का किसी भी तरह गलत इस्तेमाल किया गया तो मैं कानूनी कार्रवाई करूंगी।” अभिनेत्री का यह पोस्ट तेजी से सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है और कई प्रशंसकों ने उनके इस कदम का समर्थन किया है।
इन फिल्मों में नजर आईं मृणाल ठाकुर
वर्क फ्रंट की बात करें तो मृणाल ठाकुर इस साल कई फिल्मों में दिखाई दी हैं। उन्होंने रोमांटिक-कॉमेडी ‘यो दीवाने शहर’ में सिद्धांत चतुर्वेदी के साथ काम किया। इसके बाद वह डेविड धवन की फिल्म ‘है जवानी तो इश्क होना है’ में वरुण और पूजा हेगड़े के साथ नजर आईं। हाल ही में वह अदिवी शेष के साथ एक्शन-ड्रामा ‘डकैत: एक प्रेम कथा’ में भी दिखाई दीं। उनकी आने वाली फिल्मों का भी फैंस बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं।

