बॉलीवुड अभिनेत्री रानी मुखर्जी की मां कृष्णा मुखर्जी का मंगलवार को 75 वर्ष की उम्र में निधन हो गया. उनके निधन की खबर से फिल्म इंडस्ट्री में शोक की लहर है. रानी अपनी मां के बेहद करीब थीं और कई मौकों पर उन्हें अपने करियर में अहम भूमिका निभाने का श्रेय दे चुकी हैं
बेटी के नेशनल अवॉर्ड पर जताई थी खुशी

पिछले साल दुर्गा पूजा के दौरान कृष्णा मुखर्जी ने रानी को मिले नेशनल अवॉर्ड पर खुशी जाहिर की थी. उन्होंने कहा था कि उन्हें अपनी बेटी पर गर्व है, लेकिन उनका मानना था कि रानी को यह सम्मान काफी पहले मिल जाना चाहिए था. खास तौर पर उन्होंने फिल्म ‘ब्लैक’ में रानी के अभिनय का जिक्र किया था.
‘ब्लैक’ के लिए अवॉर्ड मिलने की कही थी बात
इंस्टेंट बॉलीवुड से बातचीत में कृष्णा ने कहा था कि रानी को ‘मिसेज चटर्जी वर्सेज नॉर्वे’ के लिए नेशनल अवॉर्ड मिलने की खुशी है, लेकिन उन्हें लगता है कि यह सम्मान ‘ब्लैक’ के लिए ही मिल जाना चाहिए था. उन्होंने यह भी कहा था कि करीब 30 साल के फिल्मी करियर के बाद बेटी को यह प्रतिष्ठित सम्मान मिलना उनके लिए गर्व की बात है.
मां की सलाह से शुरू हुआ था एक्टिंग करियर
रानी मुखर्जी ने कई इंटरव्यू में बताया है कि उनकी मां ने ही उन्हें अभिनय की दुनिया में कदम रखने के लिए प्रोत्साहित किया था. जब रानी 18 साल की थीं, तब कृष्णा ने उन्हें एक्टिंग को एक प्रयोग के तौर पर आजमाने की सलाह दी थी. इसके बाद 1997 में रानी ने फिल्म ‘राजा की आएगी बारात’ से बॉलीवुड डेब्यू किया.
यशराज फिल्म्स ने दी निधन की जानकारी
यशराज फिल्म्स ने बयान जारी कर कृष्णा मुखर्जी के निधन की पुष्टि की. परिवार ने लोगों से इस मुश्किल समय में निजता बनाए रखने की अपील की है. रानी मुखर्जी की आखिरी फिल्म ‘मर्दानी 3’ रही है. अब वह शाहरुख खान स्टारर ‘किंग’ में नजर आएंगी, जो 24 दिसंबर 2026 को रिलीज होने वाली है.


