
न्यूयार्क : अमेरिका की संघीय जांच एजेंसी (FBI) ने गैंगस्टर सतिंदरजीत सिंह उर्फ गोल्डी बराड़ की गिरफ्तारी में मददगार सूचना देने वाले को 50,000 डॉलर तक का इनाम देने की घोषणा की है। यह घोषणा ऐसे समय में की गई है जब गोल्डी बराड़ और जेल में बंद गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई पर वर्ष 2023 में कनाडा के ब्रिटिश कोलंबिया प्रांत के सरे में खालिस्तानी अलगाववादी हरदीप सिंह निज्जर की हत्या का आरोप तय किया गया है।
गोल्डी बराड़ पंजाबी गायक सिद्धू मूसेवाला की हत्या का भी प्रमुख आरोपी है। भारत की राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) और पंजाब पुलिस भी उसे भारत के सबसे वांछित अपराधियों में शामिल कर चुकी हैं और पहले से ही उसके खिलाफ नकद इनाम घोषित कर चुकी हैं।
FBI ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर जारी पोस्ट में कहा कि गोल्डी बराड़ की गिरफ्तारी में मददगार सूचना देने पर 50,000 डॉलर का इनाम दिया जाएगा। एजेंसी के अनुसार, वह लॉरेंस बिश्नोई ऑर्गेनाइज्ड क्राइम ग्रुप का सक्रिय सदस्य है, जो अमेरिका और कनाडा में हत्या, रंगदारी, मादक पदार्थों की तस्करी तथा अन्य हिंसक अपराधों में संलिप्त रहा है। FBI ने उसे अपनी ‘मोस्ट वांटेड’ भगोड़ा सूची में भी शामिल कर लिया है।

