धनबाद के बैंक मोड़ में दो मिठाई दुकानों में भीषण आग, लाखों का नुकसान

धनबाद के बैंक मोड़ स्थित दो मिठाई दुकानों में भीषण आग लगने से लाखों का नुकसान हुआ। शुरुआती जांच में शॉर्ट सर्किट को हादसे की मुख्य वजह माना जा रहा है।

Neeral Prakash
2 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

धनबाद : जिले के सबसे व्यस्त बैंक मोड़ इलाके में बुधवार सुबह अचानक आग लगने से दो मिठाई दुकानों में भारी नुकसान हो गया। घटना बड़ा गुरुद्वारा के सामने स्थित दुकानों की है, जहां देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। आग लगने से इलाके में अफरा-तफरी मच गई और चारों ओर काले धुएं का गुबार फैल गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सुबह दुकान खुलने के बाद समोसा और अन्य खाद्य सामग्री तैयार की जा रही थी। इसी दौरान अचानक आग भड़क उठी। दुकानदारों ने आशंका जताई है कि आग शॉर्ट सर्किट के कारण लगी। सड़क किनारे स्थित दुकान होने की वजह से दमकल विभाग की टीम को मौके तक पहुंचने में ज्यादा परेशानी नहीं हुई।

घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौके पर जुट गए। सूचना मिलने के बाद फायर ब्रिगेड की टीम दमकल वाहन के साथ घटनास्थल पर पहुंची और काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हालांकि तब तक दुकानों में रखा अधिकांश सामान जलकर राख हो चुका था।

स्थानीय लोगों ने बताया कि दोनों दुकानें दो भाइयों द्वारा संचालित की जाती हैं और यहां हमेशा ग्राहकों की भीड़ लगी रहती है। लोगों का आरोप है कि दुकानदारों ने सड़क तक अतिक्रमण कर रखा था और सड़क किनारे ही चूल्हा जलाकर खाद्य सामग्री तैयार की जाती थी। इसके कारण इलाके में अक्सर जाम की स्थिति बनी रहती थी। स्थानीय लोगों का कहना है कि कई बार शिकायत किए जाने के बावजूद प्रशासन की ओर से कोई कार्रवाई नहीं की गई।

फायर ब्रिगेड अधिकारी बिनोद उरांव ने बताया कि सूचना मिलते ही टीम मौके पर पहुंची और आग पर जल्द काबू पा लिया गया। शुरुआती जांच में आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट मानी जा रही है, हालांकि वास्तविक कारण जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।

Share This Article
नीरल प्रकाश के पास पत्रकारिता में 2 वर्षों का अनुभव है। उन्होंने एंकरिंग, रिपोर्टिंग और स्क्रिप्ट राइटिंग में काम किया है। पिछले 2 सालों से वे IDTV इंद्रधनुष के साथ काम कर रही हैं, जहां उन्होंने ऑन-एयर प्रस्तुतिकरण के साथ-साथ बैकएंड कंटेंट क्रिएशन में भी योगदान दिया। समाचार रिपोर्टिंग के अलावा, उन्होंने आकर्षक स्क्रिप्ट तैयार करने और कहानी को पेश करने का अनुभव भी प्राप्त किया है।