नई दिल्ली : भारतीय खाद्य सुरक्षा और मानक प्राधिकरण (FSSAI) ने दो प्रमुख मसाला ब्रांड्स एवरेस्ट और लालजी गोधू के कम्पाउंडेड हींग की बिक्री पर देशभर में रोक लगाने का आदेश जारी किया है। दोनों कंपनियों के हींग के सैंपल जांच में तय गुणवत्ता मानकों पर खरे नहीं उतरे, जिसके बाद यह कार्रवाई की गई।

मामले की शुरुआत एक उपभोक्ता की शिकायत से हुई, ग्राहक ने एक खास ब्रांड की हींग की गुणवत्ता पर सवाल उठाते हुए शिकायत दर्ज कराई थी। इसके बाद FSSAI ने बाजार में उपलब्ध प्रमुख हींग ब्रांड्स के सैंपल की जांच शुरू की। दोनों कंपनियों के अन्य मसाला उत्पादों की बिक्री पर इस आदेश के तहत कोई प्रतिबंध नहीं लगाया गया है।
खाद्य सुरक्षा नियमों के मुताबिक कम्पाउंडेड हींग बनाने में असली हींग को गोंद, स्टार्च और आटे जैसी सामग्री के साथ मिलाया जाता है। लेकिन इसमें कम से कम 5 प्रतिशत अल्कोहल सॉल्युबल एक्सट्रैक्ट होना जरूरी है। जांच में एवरेस्ट और लालजी गोधू के उत्पादों में यह मात्रा सिर्फ 0 से 3 प्रतिशत के बीच पाई गई, यानी उत्पादों में असली हींग की मात्रा निर्धारित मानक से काफी कम थी।


