गढ़वा के मझगांव में पहुंची बाबूलाल की संकल्प यात्रा, CM हेमंत पर साधा निशाना…

राज्य के विकास में योगदान देने वाले 23 कारोबारियों की पिछले छह महीनों में हुई हत्या पर उन्होंने गहरी चिंता व्यक्त की

News Aroma Media
3 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

गढ़वा : भाजपा प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी (Babulal Marandi) रविवार को हेमंत सरकार (Hemant Sarkar) पर फिर गरजे। वे मझगांव में संकल्प यात्रा के तहत जनसभा को संबोधित कर रहे थे।

मरांडी ने कहा कि राज्य की कानून व्यवस्था ध्वस्त हो चुकी है। अपराधी बेलगाम हैं। राज्य के विकास में योगदान देने वाले 23 कारोबारियों की पिछले छह महीनों में हुई हत्या (Murder) पर उन्होंने गहरी चिंता व्यक्त की।

2024 में भाजपा सरकार में इसकी जांच कराई जाएगी

उन्होंने कहा कि एक रिपोर्ट के अनुसार नौ ऐसे व्यवसायियों की हत्या हुई है, जिन्होंने पुलिस को लिखित आवेदन देकर सुरक्षा की मांग की थी।

उन्होंने कहा कि हेमंत सोरेन इसकी CBI से जांच कराएं कि आखिर किसकी लापरवाही से सुरक्षा नहीं मिली। यदि हेमंत सरकार जांच नहीं कराती तो 2024 में भाजपा सरकार में इसकी जांच कराई जाएगी।

उन्होंने कहा कि यह सरकार अपराधियों को संरक्षण देती है। दलालों, लुटेरों को एके 47 धारी सुरक्षा गार्ड मिलते हैं। सीएम सिक्युरिटी में लगे जवान का एके 47 दलाल के घर बरामद होता है। उन्होंने कहा कि ऐसे अपराधियों के संरक्षक मुख्यमंत्री के लिए होटवार जेल पूरी तरह तैयार है।

कोयला पत्थर बालू की मची लूट

उन्होंने कहा कि राज्य में भ्रष्टाचार चरम पर है। ब्लॉक थाना,जिला कही भी जाएं बिना पैसे का मृत्यु प्रमाणपत्र, म्यूटेशन, राशनकार्ड नहीं बन सकता।

पदाधिकारी खुलकर बोलते हैं रिचार्ज कराना पड़ता है। कोयला पत्थर बालू की लूट (Coal Stone Sand Loot) मची है। गरीब को घर बनाने के लिए बालू नहीं मिल रहा लेकिन बालू माफिया झारखंड का बालू बंगाल, बिहार, उत्तर प्रदेश, मुंबई, कोलकाता भेज रहे और हेमंत सोरेन की तिजोरी भर रहे।

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री पर जब जांच एजेंसियां कार्रवाई कर रही हैं तो वे सुप्रीम कोर्ट, हाई कोर्ट दौड़ रहे। बोलते हैं आदिवासी हैं।

गरीब किसान मजदूर महिला सभी वर्गों के विकास को समर्पित

उन्होंने कहा कि आदिवासियों की हितैषी केवल भाजपा है। नरेन्द्र मोदी मंत्रिमंडल में 8 आदिवासी मंत्री हैं। देश के सर्वोच्च पद राष्ट्रपति के रूप में पहली आदिवासी महिला देश का मार्गदर्शन कर रही।

उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार गांव गरीब किसान मजदूर महिला सभी वर्गों के विकास को समर्पित है। जब भाजपा कि देश और प्रदेश में सरकार बनती है तो विकास होता है और कांग्रेस झामुमो राजद की सरकार में लूट और भ्रष्टाचार होता है।

उन्होंने कहा कि 2024 में लोकसभा चुनाव में झारखंड की सभी लोकसभा सीटें (Lok Sabha seats) जिताकर नरेन्द्र मोदी को तीसरी बार प्रधानमंत्री बनाने और विधानसभा चुनाव में भाजपा नेतृत्व की मजबूत सरकार राज्य में बनाने का संकल्प लें।

Share This Article