गढ़वा में फिर टूटा व्यापारियों का भरोसा! ज्वेलर्स दुकान में लाखों की चोरी, पुलिस गश्ती पर उठे सवाल

गढ़वा के बिशुनपुरा में मनोकामना ज्वेलर्स में लाखों की चोरी, नकद और जेवरात ले उड़े चोर, व्यापारियों में दहशत और पुलिस पर सवाल।

2 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

गढ़वा : गढ़वा जिले के बिशुनपुरा प्रखंड क्षेत्र में चोरी की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। शुक्रवार देर रात चोरों ने एक बार फिर मनोकामना ज्वेलर्स एवं बर्तन दुकान को निशाना बनाया और लाखों की संपत्ति लेकर फरार हो गए। लगातार हो रही वारदातों से स्थानीय कारोबारियों में दहशत और नाराजगी का माहौल है। दुकान संचालक अजित कुमार सोनी ने बताया कि वह रोज़ की तरह रात करीब 10 बजे दुकान बंद कर घर चले गए थे। सुबह जब वह दुकान खोलने पहुंचे तो अंदर का नज़ारा देखकर हैरान रह गए। काउंटर के सभी दराज टूटे पड़े थे और सामान इधर-उधर बिखरा हुआ था। जांच करने पर करीब 50 हजार रुपये नकद और लगभग एक लाख रुपये के सोने-चांदी के जेवरात गायब मिले।

शुरुआती जांच में सामने आया है कि चोर दुकान के पीछे से छत के रास्ते अंदर घुसे थे। इसके बाद उन्होंने सीढ़ी वाले कमरे का दरवाजा (सीटा) तोड़कर दुकान में प्रवेश किया और पूरी दुकान खंगाल डाली। गौरतलब है कि इससे पहले 24 दिसंबर को शुभ लक्ष्मी वस्त्रालय और मुन्ना ज्वेलर्स में करीब 40 लाख रुपये की बड़ी चोरी हुई थी। वहीं, लाल चौक शराब दुकान के पास बाइक सवार अमित कुमार से जेवर से भरा बैग फिल्मी अंदाज में लूट लिया गया था, जिसका अब तक खुलासा नहीं हो सका है।

लगातार रात्रि गश्ती के दावों के बावजूद चोरी की घटनाएं सामने आने से पुलिस गश्ती व्यवस्था पर भी सवाल उठने लगे हैं। व्यापारियों का कहना है कि अगर जल्द ठोस कार्रवाई नहीं हुई तो वे आंदोलन करने को मजबूर होंगे। इधर, सूचना मिलते ही बिशुनपुरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस का कहना है कि मामले का जल्द खुलासा कर लिया जाएगा, लेकिन लगातार हो रही घटनाओं ने लोगों के भरोसे को जरूर झटका दिया है।

Share This Article
विनीता चौबे को 10 साल का अनुभव है। उन्होनें सन्मार्ग से पत्रकारिता की शुरुआत की थी। फिर न्यूज विंग, बाइस स्कोप, द न्यूज पोस्ट में भी काम किया। वे राजनीति, अपराध, सामाजिक मुद्दों और स्थानीय घटनाओं से जुड़ी खबरों को सरल और तथ्यात्मक भाषा में पाठकों तक पहुंचाने के लिए जानी जाती हैं। पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय रहते हुए उनका प्रयास रहता है कि जमीनी स्तर की महत्वपूर्ण खबरों को सही और विश्वसनीय जानकारी के साथ लोगों तक पहुंचाया जाए।