
Giridih Drug Bust : गिरिडीह जिले के पचंबा थाना क्षेत्र में पुलिस ने अवैध मादक पदार्थ तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए चार तस्करों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के पास से कुल 10.10 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया है।
गिरफ्तार आरोपियों में शिव शंकर साव, हरि शंकर राम, महेंद्र यादव और कमलेश कुमार सिंह शामिल हैं। शुरुआती तलाशी में दो आरोपियों के पास से करीब 5 किलोग्राम गांजा मिला, जबकि पूछताछ के बाद पकड़े गए अन्य दो आरोपियों के पास से भी लगभग 5 किलोग्राम गांजा जब्त किया गया।
यह कार्रवाई 23 अप्रैल को गुप्त सूचना के आधार पर की गई। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर कौशर अली के नेतृत्व में गठित विशेष टीम ने माथाडीह इलाके में छापेमारी कर संदिग्धों को पकड़ा।
पूछताछ के दौरान मिले सुराग के आधार पर पुलिस ने आगे कार्रवाई करते हुए गिरोह के अन्य सदस्यों को भी गिरफ्तार कर लिया। इस मामले में पचंबा थाना कांड संख्या 38/26 दर्ज कर एनडीपीएस एक्ट की धारा 20, 22 और 29 के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है।
पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में लगातार छापेमारी की जा रही है।

