
गिरिडीह : गिरिडीह के पीरटांड़ थाना क्षेत्र से एक दुखद खबर सामने आई है। घटना बुधवार सुबह की है, कठवारा के पास जब 14 वर्षीय छात्र पीयूष कुमार सिंह मॉर्निंग वॉक पर निकला था, तभी अचानक अज्ञात वाहन की जोरदार टक्कर से उसकी मौत हो गई।
बताया जा रहा है कि पीयूष कठवारा निवासी लखराज सिंह का इकलौता पुत्र था। वह मॉडल स्कूल पीरटांड़ में पढ़ता था। पीयूष की एक छोटी बहन भी है। वह हर रोज बायो डायवर्सिटी पार्क की ओर मॉर्निंग वॉक के लिए जाता था। बुधवार को भी रोजाना की तरह दोस्तों के साथ मॉर्निंग वॉक के लिए निकला था। इसी बीच मुख्य सड़क पर अज्ञात वाहन ने उसे जोरदार टक्कर मार दी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के लोग मदद के लिए मौके पर पहुंचे और घटना की सूचना पुलिस को दी। पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। परिवार वालों का रो-रोकर बुरा हाल है।

