
रांची: झारखंड के क्रिकेट प्रेमियों के लिए आज का दिन खास है। राजधानी रांची के धुर्वा स्थित अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में 10 जून से झारखंड प्रीमियर लीग (JPL) 2026 की शुरुआत हो चुकी है। रांची में क्रिकेट का क्रेज ऐसा देखने को मिल रहा कि स्टेडियम के बाहर तक दर्शकों लंबी लाइन देखने को मिल रही है। यह टी20 टूर्नामेंट 23 जून तक चलेगा और अगले 14 दिनों तक क्रिकेट का जबरदस्त रोमांच देखने को मिलेगा। JSCA के तहत आयोजित इस लीग को राज्य के युवा खिलाड़ियों के लिए बड़ा मंच माना जा रहा है। यहां वे अपनी प्रतिभा दिखाकर बड़े स्तर पर पहचान बना सकते हैं। इस बार कुल छह टीमें खिताब के लिए आमने-सामने होंगी। सभी मुकाबले रांची के इसी अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम में खेले जाएंगे, जहां दर्शकों को रोमांचक क्रिकेट के साथ नए सितारों का खेल भी देखने को मिलेगा।
स्टेडियम में एंट्री फ्री
इस बार JPL की सबसे बड़ी खासियत यह है कि दर्शकों को मैच देखने के लिए टिकट नहीं लेना होगा। JSCA ने सभी मुकाबलों में एंट्री पूरी तरह फ्री रखी है। JSCA अध्यक्ष अजय नाथ शाह देव ने लोगों से अपील की है कि वे बड़ी संख्या में स्टेडियम पहुंचकर खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाएं। फ्री एंट्री की वजह से मैच में भारी भीड़ देखने को मिल रही है।
छह टीमों के बीच 27 मैचों का रोमांच
JPL 2026 में कुल छह टीमें हिस्सा ले रही हैं। इसमें-रांची टाइटंस, जमशेदपुर स्टीलर्स, छोटानागपुर रॉयल्स, कोयलांचल सुपर किंग्स, धनबाद डायमंड्स और संथाल स्ट्राइकर्स। टूर्नामेंट में कुल 27 मुकाबले खेले जाएंगे, जिनमें 24 लीग मैच शामिल हैं। इसके बाद टॉप टीमें नॉकआउट राउंड में पहुंचेंगी और फिर फाइनल मुकाबला खेला जाएगा। 23 जून को होने वाले फाइनल में दो सबसे मजबूत टीमें ट्रॉफी के लिए भिड़ेंगी। माना जा रहा है कि यह लीग झारखंड को कई नए और प्रतिभाशाली खिलाड़ी दे सकती है, जो आगे चलकर राज्य का नाम राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर रोशन करेंगे।
टीवी और ऑनलाइन पर भी लाइव
जो दर्शक स्टेडियम नहीं पहुंच पाएंगे, उनके लिए भी पूरा टूर्नामेंट उपलब्ध रहेगा। सभी मैचों का सीधा प्रसारण डीडी स्पोर्ट्स पर किया जाएगा। इसके अलावा डिजिटल प्लेटफॉर्म्स पर भी लाइव स्ट्रीमिंग की सुविधा रहेगी, जिससे देश-विदेश के क्रिकेट फैंस मैचों का आनंद ले सकेंगे।

