झारखंड स्थापना दिवस पर 15 दिनों तक होगा जश्न! 28 नवंबर को खेलगांव में भव्य समारोह, जानें कब और कहां होंगे खास कार्यक्रम

झारखंड स्थापना दिवस 2026 और सरकार की दूसरी वर्षगांठ पर 15 दिनों तक होंगे खास आयोजन। 28 नवंबर को रांची के खेलगांव में भव्य समारोह के साथ होगा समापन।

2 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

रांची: झारखंड राज्य स्थापना दिवस 2026 और राज्य सरकार की दूसरी वर्षगांठ के मौके पर पूरे राज्य में 15 दिनों तक विशेष कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है। इन कार्यक्रमों की शुरुआत 15 नवंबर को ‘रन फॉर क्लीनलिनेस’ के साथ हो चुकी है। वहीं, 28 नवंबर को रांची के खेलगांव में आयोजित भव्य समारोह के साथ इस आयोजन का समापन होगा। इस 15 दिवसीय कार्यक्रम के दौरान स्वच्छता अभियान, खेलकूद प्रतियोगिताएं, सांस्कृतिक आयोजन और जनभागीदारी से जुड़े कई कार्यक्रम होंगे। इसके अलावा मेला-सह-प्रदर्शनी भी लगाई जाएगी। इस दौरान विभिन्न विकास योजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करने के साथ लाभुकों के बीच परिसंपत्तियों का वितरण भी किया जाएगा।

सभी जिलों में ‘रन फॉर क्लीनलिनेस’ से हुई शुरुआत

स्थापना दिवस पखवाड़े की शुरुआत 15 नवंबर को सुबह 7 बजे से 8 बजे तक राज्य के सभी जिलों में ‘रन फॉर क्लीनलिनेस’ के आयोजन के साथ हुई। इसके तहत अलग-अलग जिलों में प्रमुख स्थलों और चौक-चौराहों से दौड़ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। इस दौड़ का समापन जिले के प्रमुख छठ घाटों की साफ-सफाई के साथ हुआ। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करना और इस अभियान में आम नागरिकों की भागीदारी बढ़ाना है।

17 से 25 नवंबर तक पंचायत से जिला स्तर पर होंगे आयोजन

स्थापना दिवस पखवाड़े के तहत 17 से 25 नवंबर तक पंचायत, प्रखंड और जिला स्तर पर कई तरह की प्रतियोगिताएं और सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इनमें खेलकूद प्रतियोगिताओं के अलावा नाटक, नृत्य-संगीत, निबंध लेखन और दूसरी रचनात्मक गतिविधियां शामिल होंगी। इन कार्यक्रमों के जरिए स्थानीय प्रतिभाओं को अपनी कला और हुनर दिखाने का मौका मिलेगा। साथ ही सरकार की कोशिश है कि स्थापना दिवस के आयोजनों से ज्यादा से ज्यादा लोगों को जोड़ा जाए और राज्यभर में उत्सव जैसा माहौल बनाया जा सके। 28 नवंबर को रांची के खेलगांव में होने वाला भव्य समारोह इस 15 दिवसीय आयोजन का मुख्य आकर्षण रहेगा।

Share This Article
विनीता चौबे को 10 साल का अनुभव है। उन्होनें सन्मार्ग से पत्रकारिता की शुरुआत की थी। फिर न्यूज विंग, बाइस स्कोप, द न्यूज पोस्ट में भी काम किया। वे राजनीति, अपराध, सामाजिक मुद्दों और स्थानीय घटनाओं से जुड़ी खबरों को सरल और तथ्यात्मक भाषा में पाठकों तक पहुंचाने के लिए जानी जाती हैं। पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय रहते हुए उनका प्रयास रहता है कि जमीनी स्तर की महत्वपूर्ण खबरों को सही और विश्वसनीय जानकारी के साथ लोगों तक पहुंचाया जाए।