गोड्डा ज्वेलर्स लूटकांड में बड़ा खुलासा, मुख्य साजिशकर्ता समेत 7 आरोपी गिरफ्तार

गोड्डा बंगाल ज्वेलर्स लूटकांड में पुलिस ने मुख्य साजिशकर्ता समेत सात आरोपियों को गिरफ्तार किया, सोने-चांदी के जेवर बरामद किए और दूसरे जिलों की लूट से कनेक्शन खंगाला।

Razi Ahmad
4 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

Godda Jewellers Robbery : गोड्डा में 8 जुलाई को हुए बंगाल ज्वेलर्स लूटकांड की जांच में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई का दावा किया है। पुलिस के मुताबिक, मामले में मुख्य साजिशकर्ता समेत सात आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। आरोपियों के पास से लूटे गए सोने-चांदी के जेवर भी बरामद किए गए हैं।

पुलिस ने बताया कि मामले की जांच के लिए गठित विशेष जांच दल (SIT) ने मानवीय और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई की। शुरुआती जांच में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया था। इसके बाद पुलिस को सूचना मिली कि वारदात में शामिल कुछ आरोपी दुमका के बासुकीनाथ इलाके में छिपे हुए हैं।

बासुकीनाथ में छापेमारी, मुख्य आरोपी गिरफ्तार

अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी आकाश कुमार भरद्वाज के नेतृत्व में SIT ने 13 अगस्त को बासुकीनाथ में छापेमारी की। यहां से पुलिस ने चंद्रशेखर कुमार साह उर्फ पुरन साह को गिरफ्तार किया। पुलिस उसे मामले का मुख्य साजिशकर्ता बता रही है।

पुलिस के अनुसार, पूछताछ के दौरान चंद्रशेखर ने बंगाल ज्वेलर्स लूटकांड के अलावा जामताड़ा, बौंसी, नौनीहाट और तालझारी में हुई अन्य ज्वेलरी दुकानों की लूट में भी संलिप्तता की बात कही है। अब पुलिस इन घटनाओं के बीच संभावित कनेक्शन की जांच कर रही है।

जांच में यह भी सामने आया कि लूटे गए जेवरों को कम कीमत पर अलग-अलग दुकानों में बेचकर खपाया जाता था। पुलिस अब इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका भी खंगाल रही है।

लूट के जेवर खरीदने के आरोप में कारोबारी भी गिरफ्तार

पुलिस के मुताबिक, बंगाल ज्वेलर्स से लूटे गए जेवर बौंसी निवासी कारू साह के माध्यम से बौंसी स्थित श्रवण ज्वेलर्स में बेचे गए थे। मुख्य आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने अलग-अलग स्थानों पर कार्रवाई कर सोने और चांदी की बरामदगी की।

श्रवण ज्वेलर्स से 28 ग्राम गलाया हुआ सोना और 3.05 किलोग्राम गलाया हुआ चांदी बरामद होने की बात पुलिस ने कही है। पुलिस का दावा है कि बरामद सामान में बंगाल ज्वेलर्स के साथ-साथ अन्य जगहों से हुई लूट का माल भी शामिल है।

लाखों के जेवर गलाकर बेचने का आरोप

पुलिस के अनुसार, अमन सर्राफ के पास से 114 ग्राम गलाया हुआ चांदी, उत्तम कुमार के पास से 10 ग्राम सोना, धनंजय गायकवाड़ उर्फ राजू के पास से 1.5 किलोग्राम चांदी और पवन कुमार के पास से 355 ग्राम चांदी बरामद की गई है।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान चंद्रशेखर कुमार साह उर्फ पुरन साह, कारू साह, शिवशंकर कुमार, धनंजय गायकवाड़ उर्फ राजू, पवन कुमार, उत्तम कुमार साह और अमन कुमार सर्राफ के रूप में हुई है।

गोड्डा नगर थाना में मामला दर्ज कर पुलिस आगे की जांच में जुटी है। पुलिस आरोपियों के आपराधिक इतिहास के साथ पड़ोसी जिलों और दूसरे राज्यों में हुई ज्वेलरी लूट की घटनाओं से उनके संभावित संबंधों की भी जांच कर रही है। पुलिस का कहना है कि लूटे गए जेवर को खपाने वाले नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों पर भी कार्रवाई जारी रहेगी।

Share This Article
रजी अहमद एक उभरते हुए कंटेंट राइटर हैं, जिन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में लगभग दो वर्षों का अनुभव है। उन्होंने न्यूज़ अरोमा में काम करते हुए विभिन्न विषयों पर लेखन किया और अपनी लेखन शैली को मजबूत बनाया। अपने कार्यकाल के दौरान उन्होंने कंटेंट राइटिंग, न्यूज़ लेखन और मीडिया से जुड़े विभिन्न पहलुओं में अच्छा अनुभव हासिल किया। वह लगातार सीखते हुए अपने करियर को आगे बढ़ा रहे हैं।