रांची : गुमला में 13 वर्षीय बच्ची के साथ दुष्कर्म और इलाज में लापरवाही के आरोपों के बाद सरकार ने मामले की जांच के लिए दो सदस्यीय कमेटी बनाई है। इस कमेटी में आईएएस नेहा अरोड़ा और आईपीएस सरोजनी लकड़ा शामिल हैं। सरकार ने कमेटी को तीन दिनों के अंदर जांच पूरी कर रिपोर्ट सौंपने का निर्देश दिया है।

मामला गुमला के पालकोट थाना क्षेत्र का है, जहां 13 वर्षीय बच्ची के साथ दुष्कर्म की घटना हुई थी। प्राथमिक इलाज के बाद बच्ची को बेहतर इलाज के लिए रिम्स, रांची में भर्ती कराया गया था। आरोप है कि समय पर और सही इलाज नहीं मिलने के कारण 25 सितंबर को उसकी मौत हो गई। इसके बाद रिम्स में पोस्टमार्टम कराया गया और शव परिजनों को सौंप दिया गया।
घटना के बाद राजनीतिक दलों ने सरकार की स्वास्थ्य व्यवस्था और स्वास्थ्य मंत्री पर सवाल उठाए थे। अब जांच कमेटी पुलिस की कार्रवाई, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र से रिम्स तक हुए इलाज और किसी भी तरह की लापरवाही की जांच करेगी। कमेटी को जिम्मेदारी तय करने का भी निर्देश दिया गया है।


