रांची: राजधानी रांची के अरगोड़ा थाना क्षेत्र अंतर्गत भाजपा प्रदेश कार्यालय के पीछे स्थित डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी पार्क में स्थापित प्रतिमा के साथ असामाजिक तत्वों द्वारा छेड़छाड़ और अमर्यादित कृत्य करने का मामला प्रकाश में आया है। घटना की जानकारी मिलते ही भाजपा कार्यकर्ताओं में गहरा आक्रोश व्याप्त हो गया। मामले को लेकर भारतीय जनता पार्टी, हरमू मंडल के अध्यक्ष इंद्रजीत कुमार यादव ने अरगोड़ा थाना प्रभारी को आवेदन देकर अज्ञात असामाजिक और राष्ट्रविरोधी तत्वों के खिलाफ प्राथमिक दर्ज कर कठोर कानूनी कार्रवाई की मांग की है। थाने में दी गई शिकायत में उन्होंने बताया कि 27 सितंबर 2026 की रात उन्हें मीडिया के माध्यम से जानकारी मिली कि डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की प्रतिमा के चेहरे पर ग्रीस या मोबिल जैसा काला ज्वलनशील पदार्थ पोत दिया गया है तथा प्रतिमा के पेट वाले हिस्से पर किसी नुकीली वस्तु से खरोंचकर आपत्तिजनक व अभद्र शब्द लिखे गए हैं।

सूचना मिलने के तुरंत बाद भाजपा कार्यकर्ता दीपक प्रकाश, प्रतुल शाहदेव, रमेश सिंह, अरुण झा, गोबिंदा बलिहार, उज्ज्वल मिश्रा, राजू सिंह, रवि कुमार और निर्मल कुमार सहित कई अन्य लोग मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। घटना से आक्रोशित कार्यकर्ताओं ने तत्काल प्रतिमा की साफ-सफाई कर उसे यथासंभव पूर्व स्वरूप में लाने का प्रयास किया। अरगोड़ा थाना पुलिस ने भी घटनास्थल पर पहुंचकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
इंद्रजीत कुमार यादव ने अपने आवेदन में स्पष्ट किया है कि यह केवल एक प्रतिमा को नुकसान पहुंचाने का प्रयास नहीं, बल्कि सार्वजनिक स्थल पर एक महान राष्ट्रनायक के सम्मान पर ठेस पहुंचाने और सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने की साजिश है। उन्होंने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि घटना की निष्पक्ष जांच कर दोषियों की पहचान की जाए और उनके खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की सुसंगत धाराओं एवं प्रिवेंशन ऑफ इंसल्ट टू नेशनल ऑनर एक्ट 1971 के तहत कड़ी से कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाए। साथ ही पार्क और प्रतिमा की समुचित सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने का आग्रह किया गया है।


