10 लाख की सुपारी देकर पत्नी ने कराई पति की हत्या, ऐसे हुआ मामले का खुलासा

पलामू में पंकज उरांव हत्याकांड का खुलासा, पत्नी और ससुर समेत सात गिरफ्तार; जमीन के 50 लाख रुपये से जुड़ी सुपारी हत्या की साजिश का पुलिस ने किया पर्दाफाश।

2 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

रांची: पलामू जिले के लेस्लीगंज थाना क्षेत्र स्थित एकता गांव के जंगल में मिले पंकज उरांव के शव की गुत्थी को पुलिस ने सुलझा लिया है। इस हत्याकांड का खुलासा करते हुए पुलिस ने मृतक की पत्नी अनिमा कुमारी, उसके पिता रामजन्म उरांव सहित कुल सात आरोपियों को गिरफ्तार किया है। अन्य गिरफ्तार आरोपियों में तेतरी देवी, पिंटू कुमार, जितेंद्र उरांव, रिंकी देवी और दिलेश्वर सिंह शामिल हैं।

पुलिस अधिकारी के अनुसार पंकज और अनिमा की शादी वर्ष 2023 में हुई थी और उनका एक बच्चा भी है। लेकिन दोनों के बीच अक्सर विवाद होता रहता था और पंकज अपनी पत्नी को जान से मारने की धमकी देता था। इसी वजह से अनिमा ने अपने पिता के साथ मिलकर पति की हत्या की साजिश रची।

जांच में सामने आया कि अनिमा के पिता को जमीन के बदले 50 लाख रुपये मिले थे, जिसकी जानकारी मिलने पर खासमहाल निवासी तेतरी देवी ने हत्या का ठेका लिया और 10 लाख रुपये में सौदा तय किया। तेतरी देवी के खाते में 8 लाख रुपये की सुपारी की रकम जमा भी कराई गई थी। इसके बाद योजना के तहत ‘काजल’ बनकर रिंकी देवी ने मध्य प्रदेश के जबलपुर में काम कर रहे पंकज से फोन पर बातचीत शुरू की और उसे 19 सितंबर को पलामू बुला लिया। जब पंकज जंगल में पहुंचा तो वहां पहले से मौजूद आरोपियों ने पत्नी की उपस्थिति में गला दबाकर उसकी हत्या कर दी।

Share This Article
विनीता चौबे को 10 साल का अनुभव है। उन्होनें सन्मार्ग से पत्रकारिता की शुरुआत की थी। फिर न्यूज विंग, बाइस स्कोप, द न्यूज पोस्ट में भी काम किया। वे राजनीति, अपराध, सामाजिक मुद्दों और स्थानीय घटनाओं से जुड़ी खबरों को सरल और तथ्यात्मक भाषा में पाठकों तक पहुंचाने के लिए जानी जाती हैं। पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय रहते हुए उनका प्रयास रहता है कि जमीनी स्तर की महत्वपूर्ण खबरों को सही और विश्वसनीय जानकारी के साथ लोगों तक पहुंचाया जाए।