दुर्गापूजा पर रांची नगर निगम की विशेष तैयारी: पंडालों में तैनात होंगे 1200 सफाईकर्मी, श्रद्धालुओं को मिलेंगी कई सुविधाएं

रांची में दुर्गोत्सव को लेकर नगर निगम की व्यापक तैयारी, 1200 सफाईकर्मी, मुफ्त सिटी बसें, नाइट शेल्टर, पानी टैंकर, मोबाइल शौचालय और 24 घंटे शिकायत केंद्र उपलब्ध रहेगा।

3 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

रांची: आगामी दुर्गोत्सव के सफल और सुगम आयोजन को लेकर रांची नगर निगम ने व्यापक स्तर पर तैयारियां शुरू कर दी हैं। नवरात्र से लेकर प्रतिमा विसर्जन तक श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए नगर निगम ने सफाई, प्रकाश, परिवहन और पेयजल से जुड़ी कई विशेष व्यवस्थाएं लागू करने की योजना बनाई है।

शहर के 150 से अधिक प्रमुख पूजा पंडालों में सफाई व्यवस्था दुरुस्त रखने के लिए 1200 से ज्यादा सफाईकर्मियों को तैनात किया जाएगा। हर पूजा पंडाल में एक समर्पित (डेडिकेटेड) टीम काम करेगी, ताकि पंडालों के आसपास कचरा न फैले। इसके अतिरिक्त, मुख्य मार्गों की नियमित सफाई के लिए अलग से सफाईकर्मियों की ड्यूटी लगाई जाएगी। खुले नालों को ढंकने के लिए स्लैब लगाए जाएंगे और जलजमाव वाले स्थानों पर डस्ट डालने की व्यवस्था निगम द्वारा की जाएगी।

बाहर से आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए नगर निगम अपनी 25 सिटी बसों का संचालन पूरी तरह निःशुल्क करेगा। ये बसें आसपास के इलाकों से श्रद्धालुओं को शहर के प्रमुख पूजा पंडालों तक लाएंगी। इसके अलावा, दर्शन के बाद रात्रि विश्राम के लिए शहर के 13 आश्रय गृहों (नाइट शेल्टर्स) में रुकने का कोई शुल्क नहीं लिया जाएगा।

टैंकर, चलंत शौचालय और स्ट्रीट लाइट की मरम्मत श्रद्धालुओं को पीने के पानी के लिए परेशान न होना पड़े, इसके लिए 60 प्रमुख पूजा पंडालों के पास वाटर टैंकर तैनात रहेंगे। भीड़-भाड़ वाले क्षेत्रों में चलंत (मोबाइल) शौचालय रखे जाएंगे और सभी सुलभ शौचालय 24 घंटे खुले रहेंगे। सुरक्षा और दृश्यता को ध्यान में रखते हुए शहर की सभी खराब स्ट्रीट लाइटों की मरम्मत का काम युद्ध स्तर पर शुरू कर दिया गया है, साथ ही संवेदनशील और सुनसान रास्तों पर अतिरिक्त वेपर लाइटें लगाई जा रही हैं।

24 घंटे चालू रहेगा शिकायत केंद्र

पूजा के दौरान सफाई या बुनियादी सुविधाओं से जुड़ी समस्याओं के तुरंत समाधान के लिए नगर निगम का कनेक्ट सेंटर 24 घंटे काम करेगा। आम नागरिक टोल-फ्री नंबर 1800570 1235 पर अपनी शिकायत दर्ज करा सकते हैं, जिसका समाधान 24 घंटे के भीतर करने का निर्देश दिया गया है।

Share This Article
विनीता चौबे को 10 साल का अनुभव है। उन्होनें सन्मार्ग से पत्रकारिता की शुरुआत की थी। फिर न्यूज विंग, बाइस स्कोप, द न्यूज पोस्ट में भी काम किया। वे राजनीति, अपराध, सामाजिक मुद्दों और स्थानीय घटनाओं से जुड़ी खबरों को सरल और तथ्यात्मक भाषा में पाठकों तक पहुंचाने के लिए जानी जाती हैं। पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय रहते हुए उनका प्रयास रहता है कि जमीनी स्तर की महत्वपूर्ण खबरों को सही और विश्वसनीय जानकारी के साथ लोगों तक पहुंचाया जाए।