रांची:मतदाता सूची में नाम चढ़वाने को लेकर लगातार फर्जीवाड़े की सूचना मिल रही है। ताजा मामला पालोजोरी प्रखंड क्षेत्र के उत्क्रमित प्राथमिक विद्यालय जमुआ बसहा बूथ संख्या- 251 से जुड़ा हुआ है। मतदाता सूची में नाम चढ़वाने के लिए 46 आवेदकों द्वारा फर्जी प्रमाण-पत्रों का सहारा लेने की बात सामने आई है।

फर्जी प्रमाण-पत्र का मामला खुलासा होने के बाद प्रखंड प्रशासन ने सख्त रुख अख्तियार करते हुए सभी 46 लोगों को नोटिस भेजते हुए तीन दिनों के अंदर जवाब मांगा है। मिली जानकारी के अनुसार इन लोगों ने एडिटेड जाति व निवासी प्रमाण-पत्र जमा किया था।
सरकारी कार्रवाई और निर्देश जांच में फर्जी दस्तावेज पाए जाने के बाद प्रखंड प्रशासन ने सभी 46 संबंधित संदिग्ध मतदाताओं को कारण बताओ नोटिस जारी कर दिया है। प्रशासन ने स्पष्ट निर्देश दिया है कि सभी को तीन दिनों के अंदर उपस्थित होकर अपने दस्तावेजों पर संतोषजनक स्पष्टीकरण देना होगा।
यदि निर्धारित समय सीमा के भीतर उचित और संतोषजनक जवाब नहीं मिला, तो प्रशासन द्वारा इन सभी के खिलाफ फर्जीवाड़े का आपराधिक मामला दर्ज कराया जाएगा।


