Gumla News : गुमला जिले के बहुचर्चित बुरुहातु नरसंहार मामले में अदालत ने बड़ा फैसला सुनाते हुए सात दोषियों को उम्रकैद की सजा सुनाई है। यह मामला डायन-बिसाही के शक में एक ही परिवार के पांच लोगों की निर्मम हत्या से जुड़ा था, जिसने पूरे राज्य को झकझोर दिया था।

अदालत ने अमृत टोपनो, डेनियल टोपनो, सावन टोपनो, फिरंगी टोपनो, सलीम टोपनो, सोमा टोपनो और फिलिप टोपनो को दोषी मानते हुए आजीवन कारावास की सजा सुनाई। साथ ही सभी पर जुर्माना भी लगाया गया है। कोर्ट ने स्पष्ट किया कि सभी सजाएं एक साथ चलेंगी।

जानकारी के अनुसार, यह खौफनाक घटना 23 फरवरी 2021 की रात कामडारा थाना क्षेत्र के बुरुहातु गांव में हुई थी। आरोप है कि गांव में बीमारी और मौत के लिए एक परिवार को जिम्मेदार ठहराते हुए उन पर जादू-टोना और डायन-बिसाही का आरोप लगाया गया था। उसी रात हमलावरों ने घर में घुसकर टांगी से हमला कर परिवार के पांच लोगों की हत्या कर दी थी। मृतकों में एक पांच साल का मासूम बच्चा भी शामिल था।
जांच में सामने आया कि अंधविश्वास और आपसी साजिश के तहत इस वारदात को अंजाम दिया गया था। घटना के बाद पुलिस ने जांच शुरू कर आरोपियों को गिरफ्तार किया था।
अदालत के फैसले के बाद इलाके में एक बार फिर उस दर्दनाक घटना की चर्चा तेज हो गई है। लोगों का कहना है कि इस निर्णय से यह संदेश गया है कि अंधविश्वास के नाम पर हिंसा और हत्या करने वालों को कानून सख्ती से सजा देता है।


