रांची: आदिवासी नेत्री निशा भगत आत्महत्या मामले में सीबीआई ने जांच तेज कर दी है। सोमवार को केंद्रीय जांच एजेंसी की टीम केस के आरोपी अजय तिर्की के सुखदेवनगर स्थित आवास पर पहुंची। यहां अधिकारियों ने अजय तिर्की से पूछताछ की। केस अपने हाथ में लेने के बाद सीबीआई ने की यह पहली बड़ी कार्रवाई मानी जा रही है।

अजय तिर्की पर निशा को प्रताड़ित व आत्महत्या के लिए उकसाने का आरोप
निशा भगत आत्महत्या मामले में अजय तिर्की पर उन्हें प्रताड़ित करने और आत्महत्या के लिए उकसाने का आरोप लगाया गया है। इस मामले में निशा के पिता ने पिठोरिया थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई थी। FIR में अजय तिर्की, ज्योत्सना केरकेट्टा और एक अन्य व्यक्ति को आरोपी बनाया गया है। अब सीबीआई की टीम आरोपों से जुड़े तथ्यों और साक्ष्यों की पड़ताल कर रही है। माना जा रहा है कि अजय तिर्की से पूछताछ और उनके आवास पर हुई तलाशी के बाद जांच एजेंसी दूसरे आरोपियों के ठिकानों पर भी पहुंच सकती है।



