
गुमला : गुमला जिले के सदर थाना क्षेत्र अंतर्गत अरमई बाईपास के समीप सोमवार सुबह ग्रामीणों की सतर्कता से पशु तस्करी का एक बड़ा मामला उजागर हुआ। स्थानीय लोगों ने एक ट्रक में ठूंस-ठूंस कर ले जाए जा रहे दर्जनों मवेशियों को पकड़ लिया।
जानकारी के अनुसार, सोमवार सुबह अरमई बाईपास के पास उस समय हड़कंप मच गया, जब ग्रामीणों की नजर एक संदिग्ध ट्रक पर पड़ी। ट्रक में अमानवीय तरीके से मवेशियों को भरा गया था, जिससे पशु तस्करी की आशंका हुई। ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए ट्रक को रोक लिया और तुरंत इसकी सूचना पुलिस को दी।
सूचना मिलते ही सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और ट्रक की तलाशी ली, जिसमें दर्जनों मवेशी बरामद किए गए। पुलिस ने मौके से ट्रक चालक सोनू अंसारी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि पशु तस्कर लोदाम बस्ती से मवेशियों को लोड कर सिसई की ओर ले जा रहे थे। पुलिस अब इस पूरे नेटवर्क की गहराई से जांच कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि इस तस्करी गिरोह में और कौन-कौन लोग शामिल हैं।
पुलिस ने कहा कि दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

