
नई दिल्ली : गुरुग्राम के लग्जरी रियल एस्टेट बाजार ने एक बार फिर सबको चौंका दिया है। शहर के DLF फेज-5 में बन रहे सुपर-लग्जरी प्रोजेक्ट द डहलियाज (The Dahlias) में एक पेंटहाउस ₹271 करोड़ में बिका है। खास बात यह है कि प्रति वर्ग फुट कीमत के हिसाब से यह देश के सबसे महंगे प्रॉपर्टी सौदों में शामिल हो गया है।
सूत्रों के अनुसार, गुरुग्राम के इस अल्ट्रा-लग्जरी पेंटहाउस को इंपीरियल ऑटो से जुड़े जाने-माने उद्यमी मानव सरदाना ने खरीदा है। पेंटहाउस का सुपर एरिया करीब 17,200 वर्ग फुट, जबकि कारपेट एरिया लगभग 10,500 वर्ग फुट है। सुपर एरिया के हिसाब से इसकी कीमत करीब ₹1.58 लाख प्रति वर्ग फुट बैठती है।
वहीं, कारपेट एरिया के आधार पर कीमत लगभग ₹2.6 लाख प्रति वर्ग फुट है। इतनी ऊंची कीमत इसे देश के सबसे महंगे लग्जरी प्रॉपर्टी सौदों में शामिल करती है। इसे डीएलएफ के सबसे बड़े और महंगे सुपर-लक्जरी आवासीय प्रोजेक्ट्स में गिना जा रहा है। कंपनी को इस परियोजना से 40,000 करोड़ रुपये से अधिक का राजस्व मिलने की उम्मीद है।
परियोजना की लांचिंग के बाद से ही इसमें देश के बड़े कारोबारियों, निवेशकों और अल्ट्रा-हाई नेटवर्थ इंडिविजुअल्स की दिलचस्पी देखी जा रही है। अब तक 65 प्रतिशत से अधिक यूनिट बिकने की जानकारी सामने आई है।
द डहलियास में 100 करोड़ रुपये से अधिक कीमत के कई सौदे पहले भी हो चुके हैं। निवेशक मधुसूदन केला ने भी यहां करीब 120.71 करोड़ रुपये में एक अपार्टमेंट खरीदा था।
271 करोड़ रुपये की यह डील सिर्फ एक महंगे घर की बिक्री नहीं, बल्कि गुरुग्राम के तेजी से बदलते रियल एस्टेट बाजार की तस्वीर भी पेश करती है।
दिल्ली-एनसीआर में अल्ट्रा-लक्जरी आवास की बढ़ती मांग के बीच सेक्टर-54 और गोल्फ कोर्स रोड क्षेत्र देश के सबसे महंगे आवासीय इलाकों में अपनी जगह मजबूत कर रहे हैं।
करोड़ों रुपये की संपत्ति खरीदने वाले खरीदार अब सिर्फ बड़े घर की तलाश में नहीं हैं, बल्कि लोकेशन, निजी सुविधाओं, डिजाइन, सुरक्षा और एक्सक्लूसिव लाइफस्टाइल को भी प्राथमिकता दे रहे हैं।
द डहलियास का 271 करोड़ रुपये का सौदा इस बदलती मांग और गुरुग्राम की बढ़ती हैसियत का बड़ा उदाहरण माना जा रहा है।
मानव सरदाना वर्तमान में डीएलएफ की गोल्फ कोर्स रोड स्थित द कैमिलियास सोसायटी के टावर-7 के पेंटहाउस में रहते हैं। मानव सरदाना सरदाना परिवार से जुड़े कारोबारी हैं, जिसका लंबे समय से ऑटोमोबाइल पार्ट्स के कारोबार में नाम है।
उनके पिता एसबी सरदाना ने वर्ष 1969 में जगजीत सिंह के साथ मिलकर इम्पीरियल ऑटो इंडस्ट्रीज की शुरुआत की थी।

