रांची: दिल्ली के भारत मंडपम में आयोजित भारत अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेला (IITF) में झारखंड पवेलियन की शुरुआत हो गई है। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने इसका उद्घाटन किया। इस मौके पर राज्य के उद्योग मंत्री संजय प्रसाद यादव और मुख्य सचिव अविनाश कुमार भी मौजूद रहे। इस पवेलियन के जरिए झारखंड की समृद्ध आदिवासी संस्कृति, पारंपरिक कला, हस्तशिल्प, स्थानीय उत्पादों और राज्य की अलग-अलग क्षेत्रों में हासिल उपलब्धियों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय मंच पर प्रदर्शित किया जा रहा है। प्रगति मैदान में आयोजित इंडिया इंटरनेशनल ट्रेड फेयर 14 से 27 नवंबर तक चलेगा।

उद्घाटन के बाद मुख्यमंत्री ने पवेलियन में लगाए गए विभिन्न स्टॉलों का जायजा लिया। उन्होंने कलाकारों, उद्यमियों और अन्य प्रतिभागियों से मुलाकात कर उनके उत्पादों और कामकाज के बारे में जानकारी ली। इस दौरान उन्होंने झारखंड की पारंपरिक कला और स्थानीय उत्पादों की सराहना की। साथ ही उम्मीद जताई कि झारखंड के उत्पाद देश और दुनिया में अपनी अलग पहचान बनाएंगे।

मुख्यमंत्री ने कहा, “हर वर्ष की तरह इस बार भी झारखंड इस मेले में अपनी भागीदारी निभा रहा है। इस वर्ष ‘विकास और विरासत’ की भावना के साथ राज्य के विभिन्न विभागों ने झारखंड की उपलब्धियों और संभावनाओं को प्रस्तुत किया है। झारखंड पवेलियन में ग्रामीण अर्थव्यवस्था, महिला समूहों की भागीदारी, स्थानीय कारीगरों की कला और अलग-अलग क्षेत्रों में राज्य की प्रगति की झलक देखने को मिलेगी। हमारा प्रयास है कि विकास के साथ-साथ अपनी समृद्ध विरासत, संस्कृति और पहचान को भी आगे बढ़ाया जाए।”

