पूर्व मुख्यमंत्री चंपाई सोरेन के काफिले की गाड़ी कोलाघाट में हुई खराब, सुरक्षा पर उठे सवाल

पूर्व मुख्यमंत्री चंपाई सोरेन के काफिले की गाड़ी पश्चिम बंगाल के कोलाघाट में खराब हो गई। पुराने बुलेटप्रूफ वाहन और बार-बार खराबी से सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठे।

2 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

रांची: पूर्व मुख्यमंत्री चंपाई सोरेन के काफिले में शामिल एक वाहन पश्चिम बंगाल जाते समय कोलाघाट में खराब हो गया। घटना के बाद संबंधित अधिकारी से फोन पर संपर्क करने की कोशिश की गई, लेकिन उनकी ओर से कोई जवाब नहीं मिला। आरोप है कि अधिकारी ने फोन तक उठाना उचित नहीं समझा। जानकारी के मुताबिक, पूर्व मुख्यमंत्री के काफिले में इस्तेमाल होने वाले ज्यादातर वाहन काफी पुराने हो चुके हैं। इससे पहले भी कई बार इन वाहनों के रास्ते में खराब होने की घटनाएं सामने आ चुकी हैं। बार-बार पत्राचार किए जाने के बावजूद सरकार और प्रशासन की ओर से इस समस्या पर अपेक्षित कार्रवाई नहीं किए जाने का आरोप लगाया गया है।

हाल ही में पूर्व मुख्यमंत्री बाबूलाल मरांडी ने भी मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को पत्र लिखकर पूर्व मुख्यमंत्रियों के काफिले में इस्तेमाल हो रहे वाहनों की स्थिति पर चिंता जताई थी। इससे पहले बाबूलाल मरांडी और पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा के काफिले की गाड़ियां भी खराब हो चुकी हैं। पूर्व मुख्यमंत्री चंपाई सोरेन की ओर से आरोप लगाया गया है कि वाहनों की खराब स्थिति सुरक्षा व्यवस्था के साथ खिलवाड़ है। कोलाघाट में गाड़ी खराब होने के बाद जवानों को दूसरी गाड़ी से लाने की व्यवस्था करनी पड़ी।

बताया गया है कि पूर्व मुख्यमंत्री की जेड प्लस सुरक्षा व्यवस्था में एक इनोवा, एक बुलेटप्रूफ वाहन और एक जैमर वाहन शामिल है। इनमें बुलेटप्रूफ वाहन वर्ष 2012 का है और अब तक करीब पौने तीन लाख किलोमीटर चल चुका है। आरोप है कि यह वाहन अक्सर खराब होता रहता है। ऐसे में काफिले में शामिल पुराने वाहनों की स्थिति और सुरक्षा इंतजामों को लेकर सवाल उठ रहे हैं।

Share This Article
विनीता चौबे को 10 साल का अनुभव है। उन्होनें सन्मार्ग से पत्रकारिता की शुरुआत की थी। फिर न्यूज विंग, बाइस स्कोप, द न्यूज पोस्ट में भी काम किया। वे राजनीति, अपराध, सामाजिक मुद्दों और स्थानीय घटनाओं से जुड़ी खबरों को सरल और तथ्यात्मक भाषा में पाठकों तक पहुंचाने के लिए जानी जाती हैं। पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय रहते हुए उनका प्रयास रहता है कि जमीनी स्तर की महत्वपूर्ण खबरों को सही और विश्वसनीय जानकारी के साथ लोगों तक पहुंचाया जाए।