
नई दिल्ली : सरकारी डिफेंस कंपनी हिन्दुस्तान एयरोनॉटिक्स लिमिटेड (HAL) ने नासिक स्थित अपने प्लांट में Su-30MKI लड़ाकू विमानों का उत्पादन फिर शुरू करने की तैयारी की है। भारतीय वायुसेना के लिए इसे अहम कदम माना जा रहा है। कंपनी की योजना 2029 तक 12 नए Su-30MKI विमानों की डिलीवरी करने की है। HAL के मौजूदा प्लान के मुताबिक, पहला नया Su-30MKI विमान वित्त वर्ष 2027-28 में डिलीवर किया जा सकता है। दिसंबर 2024 में कंपनी को दुर्घटनाओं में क्षतिग्रस्त विमानों की जगह 12 नए विमानों का ऑर्डर मिला था। इस ऑर्डर की कीमत करीब 11,000 करोड़ रुपये है।
इन नए विमानों में 50% से ज्यादा स्वदेशी सामग्री इस्तेमाल की जाएगी। इससे भारत की रक्षा आत्मनिर्भरता को भी बढ़ावा मिलने की उम्मीद है। नासिक प्लांट में पहले भी रूस से लाइसेंस लेकर 222 Su-30MKI विमानों का निर्माण किया जा चुका है। इसके अलावा HAL मौजूदा Su-30MKI विमानों के बड़े अपग्रेडेशन पर भी काम कर सकती है। इस परियोजना की लागत करीब 60,000 करोड़ रुपये तक हो सकती है और इसमें डीआरडीओ का सहयोग मिलने की संभावना है।

