
नई दिल्ली : यूपी के हमीरपुर में बेतवा नदी पर बन रहे निर्माणाधीन पुल का स्लैब गुरुवार देर रात 2 बजे गिर गया। हादसे में 6 मजदूरों की मौत हो गई। कई मजदूरों के दबे होने की आशंका है। स्टेट डिजास्टर रिस्पॉन्स फोर्स (SDRF) रेस्क्यू में जुटी है। जेसीबी से मलबा हटाया जा रहा है। उत्तर प्रदेश ब्रिज कॉरपोरेशन के एमडी धर्मवीर सिंह ने मीडिया को बताया कि आंधी-बारिश के कारण स्लैब गिरा और नीचे सो रहे मजदूर दब गए। हादसे की जांच कराई जाएगी। हादसा शहर से 25 किमी दूर ललपुरा थाना क्षेत्र में हुआ। मृतकों में 4 बांदा और 2 हमीरपुर के रहने वाले थे। लखनऊ से सीनियर अफसर हमीरपुर के लिए रवाना हो गए हैं। मौसम विभाग के मुताबिक, हमीरपुर में देर रात 70-80 किमी की रफ्तार से आंधी चली थी।

उत्तर प्रदेश राज्य सेतु निगम पुल का निर्माण करवा रहा है। इसकी लागत 90 करोड़ रुपए है। 700 मीटर लंबा दो लेन का ब्रिज मोराकांड से कुरारा गांव के बीच बनाया जा रहा है। इसका निर्माण मार्च, 2024 में शुरू हुआ था। दिसंबर, 2026 तक इसे पूरा किया जाना है। उत्तर प्रदेश ब्रिज कारपोरेशन के एमडी धर्मवीर सिंह ने बताया कि ब्रिज अभी निर्माणाधीन है। पुल बनाने के लिए पिलरों पर सीमेंट के स्लैब लगाए जा रहे हैं। रात में आई आंधी-तूफान से स्लैब के नीचे लगा सपोर्ट सिस्टम हिल गया, जिससे सेगमेंट स्लैब नीचे गिर गए। वहां नीचे सो रहे मजदूर मलबे में दब गए और उनकी मौत हो गई। उन्होंने बताया कि ब्रिज गिरने की जांच स्थानीय प्रशासन के साथ कारपोरेशन भी करेगा। प्रदेश में कारपोरेशन की ओर से बनाए जाने वाले पुलों की थर्ड पार्टी ऑडिट आईआईटी बीएचयू से कराई जाती है। इस ब्रिज की भी थर्ड पार्टी ऑडिट आईआईटी बीएचयू ही कर रहा है। वे खुद मौके पर जा रहे हैं। कानपुर में तैनात कारपोरेशन के चीफ प्रोजेक्ट मैनेजर सहित अन्य अधिकारी रात में ही मौके पर पहुंच गए थे।

