राज्यसभा पर टिकी नजरें! झारखंड में कांग्रेस–झामुमो के बीच सियासी बातचीत आज, सीट शेयरिंग पर होगी डील

झारखंड की राजनीति में हलचल तेज है, कांग्रेस और झामुमो के बीच राज्यसभा सीट को लेकर अहम बातचीत होने जा रही है। सीएम हेमंत सोरेन से बड़ी मुलाकात पर सबकी नजर है।

3 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

रांची : झारखंड की सियासत में एक बार फिर हलचल तेज हो गई है। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की कांग्रेस से नाराजगी की चर्चाओं के बीच प्रदेश कांग्रेस प्रभारी के. राजू और तेलंगाना के डिप्टी सीएम मल्लू भट्टी विक्रमार्क शुक्रवार को रांची पहुंच रहे हैं। बताया जा रहा है कि दोनों नेता मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से मुलाकात करेंगे। राज्यसभा चुनाव में कांग्रेस के लिए एक सीट की मांग रखेंगे। इस दौरान राज्यसभा की दोनों सीटों पर उम्मीदवारों के नाम और गठबंधन के प्रत्याशियों की जीत सुनिश्चित करने को लेकर भी चर्चा हो सकती है।

कांग्रेस की नजर एक सीट पर

 बताया जा रहा है कि कांग्रेस राज्यसभा की एक सीट पर अपनी दावेदारी कर रही है। हालांकि इसके लिए पहले झामुमो की सहमति जरूरी होगी। इतना ही नहीं, अगर झामुमो इस पर सहमत भी हो जाता है तो कांग्रेस को गठबंधन सहयोगी राजद को भी अपने पक्ष में करना होगा।

क्यों खास मानी जा रही है यह मुलाकात?

राजनीतिक हलकों में यह बात किसी से छिपी नहीं है कि तेलंगाना के डिप्टी सीएम मल्लू भट्टी विक्रमार्क और मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के बीच अच्छी नजदीकी है। यही वजह है कि प्रदेश कांग्रेस प्रभारी के साथ विक्रमार्क भी इस मुलाकात में शामिल हो रहे हैं। पार्टी सूत्रों के मुताबिक, मुख्यमंत्री से मिलने का समय भी विक्रमार्क की ओर से ही लिया गया है। माना जा रहा है कि यह बैठक सिर्फ राज्यसभा चुनाव तक सीमित नहीं रहेगी। दोनों नेता मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से गठबंधन की मौजूदा स्थिति और आपसी रिश्तों को लेकर भी बातचीत कर सकते हैं।

कांग्रेस तक पहुंच चुका है नाराजगी का संदेश

हाल के दिनों में झारखंड की राजनीति में हुई कुछ गतिविधियों के बाद कांग्रेस नेतृत्व तक यह संदेश पहुंचा है कि किसी न किसी वजह से मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन पार्टी से नाराज चल रहे हैं। भले ही खुलकर नाराजगी की बात से इनकार किया जा रहा हो, लेकिन झामुमो की कांग्रेस के प्रति बढ़ती बेरुखी अब पार्टी नेतृत्व के लिए चिंता का कारण बनती जा रही है।

 

Share This Article
विनीता चौबे को 10 साल का अनुभव है। उन्होनें सन्मार्ग से पत्रकारिता की शुरुआत की थी। फिर न्यूज विंग, बाइस स्कोप, द न्यूज पोस्ट में भी काम किया। वे राजनीति, अपराध, सामाजिक मुद्दों और स्थानीय घटनाओं से जुड़ी खबरों को सरल और तथ्यात्मक भाषा में पाठकों तक पहुंचाने के लिए जानी जाती हैं। पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय रहते हुए उनका प्रयास रहता है कि जमीनी स्तर की महत्वपूर्ण खबरों को सही और विश्वसनीय जानकारी के साथ लोगों तक पहुंचाया जाए।