झारखंड के खनिज अधिकारों और राम मंदिर चंदा विवाद को लेकर 7 सितंबर को लोक भवन के समक्ष कांग्रेस का प्रदर्शन, प्रदेश अध्यक्ष ने दिया टास्क

Archana Ekka
2 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

रांची : झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमिटी के अध्यक्ष केशव महतो कमलेश के नेतृत्व में 7 सितंबर को लोक भवन के समक्ष एक धरना-प्रदर्शन आयोजित किया जा रहा है। यह प्रदर्शन राम मंदिर चंदे में कथित अनियमितताओं की जांच और राज्य के खनिज संसाधनों पर झारखंड के अधिकारों की रक्षा की मांग को लेकर आयोजित किया गया है।

तैयारियों को अंतिम रूप देने के लिए रांची स्थित कांग्रेस भवन में युवा कांग्रेस, महिला कांग्रेस और छात्र संगठन के प्रमुख पदाधिकारियों की एक महत्वपूर्ण बैठक हुई। प्रदेश अध्यक्ष केशव महतो कमलेश ने पदाधिकारियों को संबोधित करते हुए कहा कि यह आंदोलन केवल कांग्रेस पार्टी का नहीं, बल्कि पूरे झारखंड के हक और स्वाभिमान की लड़ाई है। उन्होंने जोर देकर कहा कि राज्य देश की अर्थव्यवस्था में खनिज संपदा के जरिए बड़ा योगदान देता है, लेकिन इसके बावजूद झारखंड के राजस्व और अधिकारों की अनदेखी की जा रही है।

चंदा विवाद पर बोलते हुए प्रदेश अध्यक्ष ने मांग की कि राम मंदिर के नाम पर जनता से एकत्र किए गए धन का पूरा हिसाब सार्वजनिक किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि आस्था के नाम पर किसी भी तरह की धांधली बर्दाश्त नहीं की जाएगी और आरोपों की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए। कार्यक्रम की सफलता सुनिश्चित करने के लिए महिला, युवा और छात्र संगठनों को गांव, मोहल्ले, कॉलेज और विश्वविद्यालयों में व्यापक जनसंपर्क अभियान चलाने का निर्देश दिया गया है। कांग्रेस मीडिया प्रभारी राकेश सिन्हा ने बताया कि 7 सितंबर का लोक भवन घेराव ऐतिहासिक होगा, जिसमें पूरे राज्य से बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और आम जनता केंद्र सरकार की नीतियों के खिलाफ अपनी आवाज बुलंद करेंगे।

Share This Article
अर्चना एक्का को पत्रकारिता का दो वर्ष का अनुभव है। उन्होंने अपने पत्रकारिता करियर की शुरुआत इंटर्नशिप से की। इस दौरान उन्होंने झारखंड उजाला, सनमार्ग और इम्पैक्ट नेक्सस जैसे मीडिया संस्थानों में काम किया। इन संस्थानों में उन्होंने रिपोर्टर, एंकर और कंटेंट राइटर के रूप में कार्य करते हुए न्यूज़ रिपोर्टिंग, एंकरिंग और कंटेंट लेखन का अनुभव प्राप्त किया। पत्रकारिता के क्षेत्र में वह सक्रिय रूप से काम करते हुए अपने अनुभव को लगातार आगे बढ़ा रही हैं।