पूर्व विधायक हरिराम बाबू को कांग्रेसियों ने दी श्रद्धांजलि, केशव महतो कमलेश ने कहा-उन्होंने पूरा जीवन कांग्रेस की विचारधारा को समर्पित किया था

झारखंड कांग्रेस के पूर्व विधायक हरिराम बाबू को प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय में अंतिम श्रद्धांजलि दी गई, नेताओं और कार्यकर्ताओं ने भावभीनी विदाई देकर उनके योगदान को याद किया

2 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

रांची: झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के पूर्व उपाध्यक्ष और पूर्व विधायक हरिराम बाबू के पार्थिव शरीर को शनिवार दोपहर 11:00 बजे झारखंड प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय लाया गया। यहां कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने उन्हें श्रद्धांजलि दी। इस अवसर पर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष केशव महतो कमलेश तथा राज्य के वित्त मंत्री राधाकृष्ण किशोर ने दिवंगत नेता के पार्थिव शरीर पर कांग्रेस का ध्वज अर्पित कर उन्हें अंतिम सम्मान दिया। उपस्थित नेताओं और कार्यकर्ताओं ने पुष्पांजलि अर्पित कर उनके प्रति अपनी श्रद्धा व्यक्त की तथा दो मिनट का मौन रखकर उनकी आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष केशव महतो कमलेश ने कहा कि हरिराम बाबू ने अपना पूरा जीवन कांग्रेस की विचारधारा, संगठन और जनसेवा के लिए समर्पित किया। वे एक सादगीपूर्ण, कर्मठ एवं जनप्रिय नेता थे। उनका निधन कांग्रेस परिवार के लिए अपूरणीय क्षति है, जिसकी भरपाई निकट भविष्य में संभव नहीं है। राज्य के वित्त मंत्री राधाकृष्ण किशोर ने कहा कि हरिराम बाबू का सार्वजनिक जीवन संघर्ष, सेवा और जनहित के प्रति समर्पण का उत्कृष्ट उदाहरण रहा। उन्होंने हमेशा समाज के वंचित एवं कमजोर वर्गों की आवाज़ बुलंद की। उनका योगदान सदैव स्मरणीय रहेगा।

कांग्रेस मुख्यालय में श्रद्धांजलि सभा के उपरांत दिवंगत हरिराम बाबू के पार्थिव शरीर को हरमू मुक्ति धाम ले जाया गया, जहाँ पूरे सामाजिक सम्मान के साथ उनका अंतिम संस्कार किया गया। झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी दिवंगत आत्मा को विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित करती है तथा शोक-संतप्त परिवार के प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त करती है। उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित करने वालों में मंजूर अहमद अंसारी, रोशन लाल भाटिया, राकेश सिन्हा, सुनीत शर्मा, राजेश गुप्ता छोटू, कामेश्वर गिरी, सुनील सिंह, कुमार राजा, राजन बर्मा, चंचल चटर्जी, धर्मेंद्र सिंह, रियाज अंसारी,उज्जवल तिवारी, जगदीश साहू, नरेंद्र लाल गोपी के नाम शामिल हैं।

Share This Article
विनीता चौबे को 10 साल का अनुभव है। उन्होनें सन्मार्ग से पत्रकारिता की शुरुआत की थी। फिर न्यूज विंग, बाइस स्कोप, द न्यूज पोस्ट में भी काम किया। वे राजनीति, अपराध, सामाजिक मुद्दों और स्थानीय घटनाओं से जुड़ी खबरों को सरल और तथ्यात्मक भाषा में पाठकों तक पहुंचाने के लिए जानी जाती हैं। पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय रहते हुए उनका प्रयास रहता है कि जमीनी स्तर की महत्वपूर्ण खबरों को सही और विश्वसनीय जानकारी के साथ लोगों तक पहुंचाया जाए।