
रांची : बिरसा मुंडा एयरपोर्ट से पांच नियमित उड़ानों के अस्थायी रूप से बंद होने पर झारखंड चैंबर ने नाराजगी जताई है। चैंबर अध्यक्ष आदित्य मल्होत्रा ने शनिवार को कहा कि राज्य में हवाई यात्रियों की संख्या लगातार बढ़ रही है, ऐसे में उड़ानों की संख्या घटाने के बजाय बढ़ाई जानी चाहिए। उन्होंने रांची से जयपुर, गोवा, सूरत, रायपुर, बागडोगरा-गुवाहाटी और वाराणसी-अमृतसर के लिए सीधी विमान सेवा शुरू करने की मांग दोहराई है। चैंबर ने देवघर से चेन्नई, हैदराबाद और अहमदाबाद के लिए भी सीधी उड़ानें शुरू करने की मांग की है। साथ ही रांची-भुवनेश्वर उड़ान की सेवाएं बहाल करने, अंतिम समय में फ्लाइट रद्द होने पर यात्रियों की जिम्मेदारी एयरलाइंस तय करने और रांची से दुबई और बैंकॉक जैसी अंतरराष्ट्रीय उड़ानें शुरू करने की भी अपील की है।

