दुर्गा पूजा को लेकर रांची नगर निगम ने कसी कमर, अपर नगर आयुक्त ने दिया ये निर्देश

रांची नगर निगम ने दुर्गा पूजा की तैयारियां तेज कर दी हैं। 176 पूजा पंडालों के मद्देनजर सफाई, सड़क मरम्मत, रोशनी, पेयजल और सुरक्षा व्यवस्था समय पर पूरी होगी।

Archana Ekka
2 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

रांची : आगामी दुर्गा पूजा महोत्सव को ध्यान में रखते हुए रांची नगर निगम ने श्रद्धालुओं की सुविधा, स्वच्छता और सुरक्षित आवागमन के लिए तैयारियां तेज कर दी हैं। मंगलवार को अपर नगर आयुक्त संजय कुमार की अध्यक्षता में निगम के विभिन्न विभागों की एक समीक्षा बैठक आयोजित की गई, जिसमें पूजा के दौरान की जाने वाली व्यवस्थाओं का शाखावार जायजा लिया गया।

निगम क्षेत्र में बनने वाले 176 पूजा पंडालों को ध्यान में रखते हुए बैठक में स्वच्छता, स्ट्रीट लाइट, सड़कों की मरम्मत, स्टोन डस्ट, खुले नालों पर स्लैब लगाने, फॉगिंग, पेयजल व्यवस्था और विसर्जन स्थलों की तैयारी जैसे अहम मुद्दों पर विस्तार से चर्चा हुई। अपर नगर आयुक्त ने सभी अधिकारियों को पूजा समितियों के साथ बेहतर समन्वय बनाकर नवरात्र शुरू होने से पहले सभी तैयारियां समयबद्ध तरीके से पूरी करने के निर्देश दिए।

बैठक के दौरान अभियंत्रण शाखा को पूजा समितियों की मांग के अनुसार 700 से अधिक ट्रैक्टर स्टोन डस्ट पहुंचाने, दुर्घटना संभावित जगहों पर 600 से अधिक स्लैब लगाने और पंडालों तक पहुंचने वाले रास्तों की मरम्मत का काम तुरंत पूरा करने को कहा गया। वहीं स्वच्छता शाखा को तीन शिफ्टों में नियमित झाड़ू लगाने, कचरा उठाने, ब्लीचिंग पाउडर के छिड़काव और विसर्जन स्थलों पर विशेष सफाई अभियान चलाने की जिम्मेदारी दी गई है।

सड़कों पर रोशनी की व्यवस्था के लिए विद्युत शाखा की मौजूदा 28 टीमों के अलावा मेन रोड, बड़ा तालाब और अपर बाजार क्षेत्र के लिए विशेष टीमें गठित की जाएंगी। इसके अतिरिक्त, हॉर्टिकल्चर शाखा को लटकी हुई पेड़ों की डालियों और झाड़ियों की छंटाई करने तथा स्वास्थ्य शाखा को नियमित फॉगिंग, डॉग कैचिंग अभियान और आवश्यक जगहों पर मॉड्यूलर टॉयलेट व वाटर टैंकर उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं। श्रद्धालुओं की सहूलियत के लिए ट्रांसपोर्ट शाखा को निःशुल्क नगर बस सेवा संचालित करने हेतु रूट प्लान तैयार करने का निर्देश दिया गया है। बैठक में सहायक नगर आयुक्त, नगर प्रबंधक और सभी संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मी उपस्थित थे।

Share This Article
अर्चना एक्का को पत्रकारिता का दो वर्ष का अनुभव है। उन्होंने अपने पत्रकारिता करियर की शुरुआत इंटर्नशिप से की। इस दौरान उन्होंने झारखंड उजाला, सन्मार्ग और इम्पैक्ट नेक्सस जैसे मीडिया संस्थानों में काम किया। इन संस्थानों में उन्होंने रिपोर्टर, एंकर और कंटेंट राइटर के रूप में कार्य करते हुए न्यूज़ रिपोर्टिंग, एंकरिंग और कंटेंट लेखन का अनुभव प्राप्त किया। पत्रकारिता के क्षेत्र में वह सक्रिय रूप से काम करते हुए अपने अनुभव को लगातार आगे बढ़ा रही हैं।