रांची: राजधानी वासियों को बेहतर नागरिक सेवाएं और स्ट्रीट लाइट तथा पेड़ों की छंटाई से जुड़ी समस्याओं का त्वरित समाधान देने के उद्देश्य से रांची नगर निगम ने अपने संसाधनों में इजाफा किया है। मंगलवार को निगम कार्यालय परिसर से महापौर रोशनी खलखो और उप महापौर नीरज कुमार ने संयुक्त रूप से चार नई अत्याधुनिक हाइड्रोलिक स्काई लिफ्टर मशीनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

निगम द्वारा खरीदी गई इन चार मशीनों में से एक बड़ी मशीन 46 लाख रुपये की लागत से आई है, जो 15.5 मीटर की ऊंचाई तक काम करने में सक्षम है। वहीं, 41 लाख रुपये प्रति मशीन की लागत वाली अन्य तीन मशीनें 11.5 मीटर तक की ऊंचाई पर कार्य कर सकती हैं। ये सभी मशीनें 200 किलोग्राम तक का वजन उठाने की क्षमता रखती हैं।
इन मशीनों के आने से शहर के मुख्य मार्गों और मोहल्लों में लटकी खतरनाक पेड़ की डालियों की छंटाई, पथ-बत्तियों की मरम्मत और ऊंचाई से जुड़े अन्य आपातकालीन व रखरखाव कार्यों को रफ्तार मिलेगी। आगामी पर्व-त्योहारों के मद्देनजर सड़कों को सुरक्षित और सुगम बनाने में ये काफी मददगार साबित होंगी। निगम ने इनके सुचारू इस्तेमाल के लिए बाकायदा एक रोस्टर भी तैयार किया है।
इस मौके पर महापौर रोशनी खलखो ने कहा कि निगम शहरवासियों को समयबद्ध सेवा देने के लिए प्रतिबद्ध है। पहले निगम के पास केवल दो स्काई लिफ्टर थे, लेकिन अब इनकी कुल संख्या छह हो गई है, जिससे काम की गति दोगुनी हो जाएगी। वहीं, उप महापौर नीरज कुमार ने बताया कि इन आधुनिक मशीनों से ऊंचाई वाले कार्यों में निगम कर्मियों की क्षमता और सुरक्षा दोनों बढ़ेगी तथा आम लोगों से मिलने वाली शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर जल्द निपटारा किया जा सकेगा। कार्यक्रम के दौरान उप नगर आयुक्त रविंद्र कुमार, सहायक नगर आयुक्त सहित नगर निगम के कई पदाधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।


