हजारीबाग: झारखंड में भ्रष्टाचार के खिलाफ एंटी करप्शन ब्यूरो ने बड़ी कार्रवाई की है। हजारीबाग जिले के केरेडारी प्रखंड में ACB की टीम ने पंचायत सेवक तालेश्वर दास को कथित तौर पर 9 हजार रुपये रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। बताया जा रहा है कि वह कराली और पाताल पंचायत में पंचायत सेवक के पद पर कार्यरत थे और सरकारी काम के बदले रिश्वत मांग रहे थे।

शिकायत मिलने के बाद ACB ने बिछाया जाल
मिली जानकारी के मुताबिक, पंचायत सेवक पर सरकारी काम या किसी योजना से जुड़े कार्य के बदले रिश्वत मांगने का आरोप है। इससे परेशान होकर शिकायतकर्ता ने ACB से संपर्क किया और मामले की शिकायत दर्ज कराई। शिकायत का सत्यापन करने के बाद ब्यूरो की टीम ने आरोपी को पकड़ने की योजना बनाई। तय योजना के तहत ACB की टीम ने पंचायत सेवक को 9 हजार रुपये लेते हुए गिरफ्तार कर लिया। बताया जा रहा कि सड़क निर्माण के बाद उसकी राशि पास करने के एवज में रिश्वत मांगी जा रही थी। कार्रवाई के बाद इलाके में हलचल मच गई है।


