
हजारीबाग : हजारीबाग के बरकाकाना से एक दुखद खबर सामने आई है। 13 माइल से जुगरा जाने वाली ट्रांसपोर्टिंग सड़क पर कोयला लोड हाईवा की चपेट में आने से एक युवक की मौत हो गई। युवक का नाम नरेश कुमार बताया जा रहा है, जो चेपाकला गांव का निवासी था। हादसे के बाद बुरी तरह जख्मी हालत में ही उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों और ग्रामीणों में आक्रोश का माहौल छा गया। जिसके बाद 13 माइल के पास लोगों ने सड़क जाम कर दी। जिससे कोयला वाहनों सहित अन्य वाहनों की लंबी कतार लग गई। लोगों की मांग है कि मृतक के परिजनों को उचित मुआवजा, परिवार के एक सदस्य को नौकरी और दोषी वाहन चालक पर कार्रवाई की जाए।
जानकारी मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और ग्रामीणों से वार्ता शुरू की। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।

