
Hazaribagh Forest Land Scam : रांची में चर्चित हजारीबाग वन भूमि घोटाला मामले में आरोपी राजस्व कर्मचारी संतोष कुमार वर्मा को झारखंड हाईकोर्ट से फिलहाल कोई अंतरिम राहत नहीं मिली है। अदालत से राहत नहीं मिलने के बाद अब भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB) उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई कर सकती है।
जानकारी के अनुसार, संतोष कुमार वर्मा ने मामले में अग्रिम जमानत के लिए हाईकोर्ट में याचिका दाखिल की थी। हालांकि कोर्ट ने उन्हें तत्काल राहत देने से इनकार कर दिया। मामले की अगली सुनवाई 18 जून को निर्धारित की गई है।
संतोष कुमार वर्मा पर आरोप है कि उन्होंने प्रतिबंधित वन भूमि, जंगल-झाड़ और सरकारी जमीन का कथित रूप से गलत तरीके से म्यूटेशन किया तथा संबंधित सर्किल अधिकारी को भ्रामक रिपोर्ट सौंपी। आरोप है कि इस प्रक्रिया के जरिए जमीन हस्तांतरण में अनियमितता बरती गई।
मामले में विनय कुमार सिंह द्वारा 28 डिसमिल जमीन खरीदने का भी जिक्र सामने आया है। इस कथित घोटाले में निलंबित आईएएस अधिकारी विनय चौबे समेत कई लोगों के नाम आरोपी के रूप में जुड़े हुए हैं।
फिलहाल मामले की जांच जारी है और ACB आगे की कानूनी प्रक्रिया पर काम कर रही है।

